खदान में फंसे 33 मजदूरों के बचाव कार्य में देरी
खुदाई का यह काम शनिवार को शुरू होना था। चट्टानों में 66 सेंटीमीटर व्यास वाला 700 मीटर गहरा गड्डा खोदने के लिए मजबूत ड्रिलिंग मशीन चलाने के लिए जर्मनी से एक अतिरिक्त मोटर मंगाई गई है।
चिली की राजधानी सेंटियागो से 700 किलोमीटर दूर अटाकामा रेगिस्तान के एक पहाड़ में स्थित सोने एवं तांबे की इस खदान में मजदूर पांच अगस्त से फंसे हुए हैं। खदान में चट्टानें खिसकने के कारण मजदूर यहां फंस गए।
बचाव कर्मियों को एक सप्ताह पहले ही इस बात का पता चला कि खदान में मजदूर अभी भी जिंदा हैं। इसके बाद से इन मजदूरों को संकरे पाइपों के जरिए खाना, पानी, दवाइयां और उनके परिजनों की जानकारी दी जा रही है।
इंजीनियरों का कहना है कि मजदूरों को बाहर निकालने के लिए चट्टानों में 66 सेंटीमीटर चौड़ा गड्डा खोदने में चार महीने लग जाएंगे।
बचाव कर्मी आपूर्ति के लिए उपयोग किए जा रहे सुराखों को ही चौड़ा करने की संभावना पर भी विचार कर रहे हैं। इससे खुदाई के काम में लगने वाला समय घटकर आधा हो जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications