बिहार में बाढ़ की स्थिति जस की तस
प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ करने का दावा कर रहा है परंतु ग्रामीणों का आरोप है कि अब तक कई स्थानों पर राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ नहीं किए गए हैं।
पश्चिम चम्पारण जिले के करीब एक दर्जन मार्गो पर बाढ़ का पानी बह रहा है। बाढ़ के कारण लौरिया-शिकारपुर-ठोरी मार्ग पर परिचालन ठप्प हो गया है। बाल्मीकीनगर-बगहा मार्ग पर भी बाढ़ का पानी फैल गया है।
पश्चिम चम्पारण के जिलाधिकारी देवराज देव ने शनिवार को आईएएनएस को बताया कि बाढ़ का पानी कुछ क्षेत्रों में घट रहा है तो कुछ नए क्षेत्रों में प्रवेश कर रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय आपदा अनुक्रिया बल (एनडीआरएफ ) की टीम जिले के बाढ़ से घिरे लोगों को बाहर निकालने के काम में लगा है।
उन्होंने बताया कि जिले के विभिन्न प्रखंडों में बाढ़ से घिरे करीब 1,700 लोगों को निकाल कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में चिवड़ा और गुड़ बांटे जा रहे हैं।
इधर, पूर्वी चम्पारण जिले के सुगौली प्रखंड का सिकरहना रिंग बांध करीब 60 फुट ध्वस्त हो गया है जिस कारण बाढ़ का पानी कई नए इलाकों में प्रवेश कर गया है। गोपालगंज जिले में गंडक छह प्रखंडों में तबाही मचाए हुए है। सदर प्रखंड के गम्हरिया गांव के करीब 250 मकानों को गंडक ने अपनी चपेट में ले लिया है। अधिकारिक सूत्रों के मुताबिक 20 हजार से ज्यादा लोग अपने-अपने गांव को छोड़कर तटबंधों पर शरण लिए हुए हैं।
मुजफ्फरपुर के औराई, कटरा और गायघाट प्रखंडों में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। कटरा प्रखंड के 16 ग्राम पंचायतों के 45 से ज्यादा गांवों में बाढ़ का पानी कहर मचाए हुए है। बेनीबाद-कटरा-औराई-रूनीसैदपुर मार्ग में बाढ़ का पानी फैल गया है, जिससे आवागमन ठप्प है।
मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी आनंद किशोर ने बताया कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि पौलिथीन सीट के अलावा कई क्षेत्रों में खाद्य सामग्री बांटी जा रही है। परंतु ग्रामीणों का आरोप है कि अब तक राहत और बचाव कार्य प्रारंभ नहीं हो पाए हैं।
दरभंगा में कुशेष्वर स्थान तथा कुशेष्वर स्थान पूर्वी प्रखंड में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। दोंनों प्रखंडों के करीब 26 पंचायत बाढ़ के पानी में घिरे हुए हैं। जिला मुख्यालय से कुशेष्वर स्थान प्रखंड का सड़क संपर्क टूट हो गया है। सुपौल जिले में भी किशुनपुर प्रखंड में कुसहा सुरक्षा बांध पर खतरा मंडरा रहा है। प्रशासन इसकी मरम्मत करने में जुटा हुआ है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications