अग्नि-5 मिसाइल प्रक्षेपण को तैयार : एंटनी
हैदराबाद, 27 अगस्त (आईएएनएस)। रक्षा मंत्री ए.के.एंटनी ने शुक्रवार को यहां कहा कि 5,000 किलोमीटर मारक क्षमता वाली स्वदेश निर्मित अग्नि-5 मिसाइल प्रक्षेपण के लिए तैयार है। यह मिसाइल चीन के अधिकांश उत्तरी हिस्से को निशाना बना सकती है। लेकिन प्रक्षेपण कब होगा, एंटनी ने इसे बताने से इंकार कर दिया।
एंटनी ने कहा कि यह मिसाइल भारत को प्रौद्योगिकी देने से इंकार किए जाने के बाद विकसित किया गया है। "इंकार ने हमें 5,000 किलोमीटर की मारक क्षमता वाली मिसाइल विकसित करने का एक अवसर ही प्रदान किया है।"
एंटनी, रक्षा क्षेत्र की सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी, मिश्र धातु निगम लिमिटेड (मिधानि) के विस्तार के लिए आधारशिला रखे जाने हेतु आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे।
कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में काम कर रहे भारतीय वैज्ञानिकों ने साबित कर दिया है कि भारत प्रतिबंधों और इंकारों से ऊपर उठ सकता है। उन्होंने इस अवसर पर उपस्थित वैज्ञानिकों से कहा, "जब हम इंकार का सामना करें, तो हमें इसे ईश्वर की ओर से भेजे गए एक अवसर और एक चुनौती के रूप में लेना चाहिए।"
बाद में एंटनी ने संवाददाताओं से बातचीत में अग्नि-5 के परीक्षण की तारीख बताने से इंकार कर दिया। यह भारत का अंतर-द्विपीय बैलिस्टिक मिसाइल (आईसीबीएम) होगी।
एंटनी ने कहा कि अब रक्षा उत्पादन में 26 प्रतिशत एफडीआई को अनुमति है और भारतीय उद्योग की मदद के लिए एक संयोजन प्रावधान भी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications