विस्फोटक गायब मामले का मास्टर माइंड पकड़ा गया
मालूम हो कि धौलपुर की राजस्थान एक्सप्लोसिव एंड केमिकल्स लिमिटेड (आरईसीएल) से अप्रैल से जून माह के दौरान सागर के सडेरी में स्थित गणेश विस्फोटक के नाम पर कुल 61 ट्रक विस्फोटक भेजा गया था, मगर यह विस्फोटक रास्ते में ही गायब हो गया और सागर नहीं पहुंचा। गणेश एक्सप्लोसिव का मालिक देवेंद्र सिंह था और उसका साझेदार जयकिशन आसवानी बन गया। इतना ही नहीं धौलपुर से विस्फोटक मंगाने का आर्डर आसवानी दिया करता था। देवेंद्र को तो लाइसेंस के एवज में कुछ तय राशि ही मिलती थी।
सागर के पुलिस अधीक्षक वी.के. सूर्यवंशी ने शुक्रवार को आईएएनएस को बताया कि सागर विस्फोटक मामले के सूत्रधार जयकिशन आसवानी को पकड़ लिया गया है। यह वही व्यक्ति है जो धौलपुर से विस्फोटक मंगाने का काम करता था। पुलिस को उम्मीद है कि आसवानी उसके लिए वह कड़ी साबित हो सकता है जिसके जरिए इस कारोबार के माफियाओं तक पहुंच सकती है। इस मामले में राजेंद्र चौबे और गोपाल शाक्यवार को पहले ही पकड़ा जा चुका है।
वहीं सागर के लिए रवाना हुए विस्फोटक के गायब होने के मामले की जांच के दौरान अशोक नगर के चंदेरी भेजे गए 103 ट्रक के गायब होने का मामला उजागर हुआ है। अशोक नगर के पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर सोलंकी ने आईएएनएस को बताया कि चंदेरी पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विस्फोटक गायब होने के मामले में अब तक तीन गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। इस मामले में अब तीन लोगों शिवचरण हेड़ा, दीपा हेड़ा, देवेंद्र ठाकुर की गिरफ्तारी शेष रह गई है। पुलिस ने इन सभी पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications