उप्र में बाढ़ से लाखों प्रभावित, राहत कार्य जारी
बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित बहराइच, लखीमपुर खीरी, गोंडा, सीतापुर, बस्ती और बाराबंकी जिलों के निचले इलाकों के सैकड़ों गांवों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है। अब तक बाढ़ से छह लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। अधिकारियों का कहना है कि गुरुवार से नदियों का जलस्तर कम हो रहा है।
उत्तराखण्ड स्थित बनबसा बैराज से काफी पानी छोड़े जाने और नेपाली नदियों का जलस्तर बढ़ने से शारदा और घाघरा का जलस्तर कई जिलों में खतरे के निशान से एक मीटर ऊपर बह रहा है। कुछ जिलों में गंगा, यमुना, सरयू और राप्ती का जलस्तर भी खतरे के निशान के निकट पहुंच गया है।
बहराइच के जिला आपदा अधिकारी वीरेंद्र पांडे ने शुक्रवार को आईएएनएस को बताया कि कैसरगंज और महसी तहसील के संगवा, समदर, केवलपुर, बांसगढ़ी, अटोडर, देवगंज, पुंगिया, चूली सहित करीब 75 गांव जलमग्न हो गए हैं। करीब 100 गांवों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है।
उन्होंने कहा कि जिले की सभी बाढ़ चौकियों को सतर्क कर दिया गया है। पीएसी के जवान बाढ़ प्रभावित लोगों को नावों और मोटरबोटों की मदद से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रहे हैं। बाढ़ से 1.50 लाख आबादी प्रभावित हुई है और जिले में बाढ़ से एक व्यक्ति की मौत हुई है।
लखीमपुर खीरी के अपर जिलाधिकारी (वित्त) तुलसीराम ने शुक्रवार को आईएएनएस को बताया कि जिले के निघासन और पलिया तहसील के चंदनपुरवा, गोविंदपुर, दोबहा, नयापुरवा, लौधारी, बैलहा, खालेपुरवा, लालपुर सहित करीब 25 गांव जलमग्न हो गए हैं जबकि करीब 75 गांव बाढ़ से प्रभावित हुए हैं।
उन्होंने कहा कि निघासन तहसील के विभिन्न गांवों में बाढ़ से चार लोगों की मौत हुई है। प्रभावित इलाकों में प्रशासन द्वारा युद्ध स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य चलाया जा रहा है। पीएसी के जवान प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रहे हैं।
बाराबंकी के अपर जिलाधिकारी (वित्त) देवेंद्र पांडे ने शुक्रवार को आईएएनएस को बताया कि रामनगर और सनावा तहसीलों के अधारपुरवा, मिश्रीलालपुरवा, वकीलपुरवा, परधानपुरवा, ठेकेदारपुरवा, जैतपुर, अवधराम पुरवा, राममिलन पुरवा, अनिरुद्ध पुरवा, संतरामपुरवा, भगवानदीनपुरवा गांव में बाढ़ का पानी भर गया है।
पांडे ने बताया कि पीएसी के जवान प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के काम में जुटे हुए हैं। बुधवार शाम सनावा में एक 80 वर्षीय महिला की डूबकर मौत हो गई।
सीतापुर, पीलीभीत, गोरखपुर, बस्ती, फरु खाबाद, फैजाबाद जिलों में भी बाढ़ प्रभावितों को जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। पिछले एक सप्ताह से राज्यभर में बारिश का दौर लगातार जारी है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications