चिदम्बरम की टिप्पणी पर राज्यसभा की कार्यवाही स्थगित
सदन की कार्यवाही पहले इसी मुद्दे पर 11.22 बजे तक और बाद में दोपहर तक के लिए स्थगित कर दी गई।
सदन की कार्यवाही के शुरू होते ही शिवसेना के मनोहर जोशी ने केंद्रीय गृह मंत्री द्वारा 'भगवा आतंकवाद' शब्द के प्रयोग पर आपत्ति जताई और सरकार से इस पर स्पष्टीकरण देने की मांग की। भाजपा सदस्यों ने भी उनका साथ दिया।
सभापति हामिद अंसारी ने प्रश्नकाल चलने देने का बार-बार आग्रह किया लेकिन इसे अनसुना किए जाने पर सदन की कार्यवाही 11.22 बजे तक स्थगित कर दी।
पहले स्थगन के बाद कार्यवाही शुरू होने पर विपक्ष के नेता अरुण जेटली ने कहा कि वह इस शब्द के प्रयोग पर सदन के बड़े हिस्से की शिकायत को सामने रख रहे हैं।
उन्होंने कहा कि चिदम्बरम को अपनी टिप्पणी पर स्पष्टीकरण देना चाहिए और ऐसे वक्तव्यों से बचना चाहिए।
भाजपा ने कहा कि देश ने पंजाब में आतंकवाद सहित पिछले तीन दशकों में ऐसी कई समस्याएं देखी हैं और किसी भी समुदाय का उल्लेख करने से बचने का प्रयास किया जाना चाहिए।
भाजपा नेता ने कहा कि जम्मू एवं कश्मीर में हिंसा तथा नक्सल समस्या से निपटने के बजाए गृह मंत्री एक काल्पनिक घटना के बारे में बात कर रहे हैं, जिसका अस्तित्व ही नहीं है।
इसके बाद लोक जनशक्ति पार्टी के नेता रामविलास पासवान ने कहा कि चिदम्बरम ने एक जिम्मेदार मंत्री के रूप में टिप्पणी की है और 'भगवा आतंकवाद' का अस्तित्व है। उन्होंने विश्व हिंदू परिषद पर प्रतिबंध लगाने की मांग की।
भाजपा सदस्यों ने पासवान की टिप्पणी का विरोध किया। इससे सदन में हंगामा हो गया और कार्यवाही स्थगित कर दी गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications