मप्र में जूडा की हड़ताल खत्म, शुक्रवार से काम पर लौटेंगे (लीड-1)
प्रदेश के चार चिकित्सा महाविद्यालय इंदौर, जबलपुर , रीवा व ग्वालियर के जूडा 17 अगस्त से 20 सूत्रीय मांगों को लेकर बेमियादी हड़ताल पर थे। स्वास्थ्य राज्यमंत्री हार्डिया के साथ पहले दौर की वार्ता विफल रहने के बाद शुक्रवार की रात को जूडा और हार्डिया के बीच लम्बी चर्चा हुई, जिसमें उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर उनकी मांगों को पूरा कराने की कोशिश करेंगे।
स्वास्थ्य राज्यमंत्री ने जूडा के निलंबन की कार्रवाई को रद्द कर दिया है। हार्डिया ने आईएएनएस को बताया है कि मुख्यमंत्री ने जूडा से काम पर लौटने से पहले किसी तरह की वार्ता से इंकार कर दिया था। जूडा ने हड़ताल खत्म कर दी है। लिहाजा शुक्रवार को चौहान से जूडा की मुलाकात कराई जाएगी।
जूडा के हड़ताल पर चले जाने से चिकित्सा महाविद्यालयों के अस्पतालों की स्वास्थ्य सेवाएं गड़बड़ा चुकी थी। वहीं जूडा ने गुरुवार से भूख हड़ताल भी शुरू कर दी थी। मुख्यमंत्री चौहान ने गुरुवार को जूडा से काम पर लौटने की अपील की थी। साथ ही हड़ताल को अमानवीय करार दिया था।
जूडा के अध्यक्ष विक्रांत भूरिया ने बताया कि संगठन और स्वास्थ्य राज्यमंत्री की वार्ता सकारात्मक रही है । साथ ही उन्हें मांगे पूरी करने का आश्वासन मिला है लिहाजा वे कल से काम पर लौट आएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications