देश की प्रगति का वातावरण तैयार करें : प्रधानमंत्री
नई दिल्ली, 27 अगस्त (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने शुक्रवार को देश के शीर्ष राजनयिकों से कहा कि वे बाहर ऐसा वातावरण तैयार करें जिससे देश की प्रगति में तेजी आए।
यहां एक वार्षिक सम्मेलन के लिए जुटे दुनिया भर के भारतीय राजदूतों के समूह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय विदेश नीति का मुख्य लक्ष्य भारतीय राष्ट्रीय हितों को आगे बढ़ाना है।
सिंह ने कहा, "भारतीय राजनयिक एक ऐसा अंतर्राष्ट्रीय वातावरण तैयार करने में मदद कर रहे हैं जो देश की प्रगति के लिए, विकास के लिए और विदेशी लक्ष्यों को हासिल करने के लिए अनुकूल है।"
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत एक अन्योन्याश्रित दुनिया में जी रहा है और इसे एक खुली व्यापार व्यवस्था की आवश्यकता है।
सिंह ने राजनयिकों का आह्वान किया कि उन्हें जी-20 समूह की ओर अधिक ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह समूह चर्चा करने और अंतर्राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था व वित्तीय नीतियों को आकार देने के लिए एक प्रमुख मंच बन गया है।
सिंह ने यह भी कहा कि भारतीय नीति पूर्व और दक्षिण पूर्व एशिया केंद्रित होनी चाहिए।
पड़ोसियों के संबध में प्रधानमंत्री ने कहा कि पड़ोसी देशों के साथ भारत के अच्छे रिश्ते हैं।
उन्होंने कहा, "हम अपने खुद के हित में पड़ोसियों से कोई अपेक्षा किए बगैर उनके साथ आदान-प्रदान बढ़ा रहे हैं।"
शुक्रवार से शुरू हुए तीन दिवसीय वार्षिक सम्मेलन में कुल 119 भारतीय राजदूत और उच्चायुक्त हिस्सा ले रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications