बिहार के 600 से ज्यादा गांव बाढ़ से घिरे
गांवों में पानी घुस जाने के कारण लोग ऊंचाई वाले स्थानों पर जा रहे हैं। सरकार राहत और बचाव कार्य की पुख्ता व्यवस्था की बात कह रही है परंतु ग्रामीण इसमें लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं।
मुजफ्फरपुर जिले के औराई, कटरा, गाायघाट तथा बोचहां प्रखण्डों के करीब 100 गांवों में बाढ़ का पानी तबाही मचाए हुए है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार औराई प्रखण्ड के 40, कटरा प्रखण्ड के 35, गायघाट प्रखण्ड के 15 तथा बोचहां प्रखण्ड के 10 गांवों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है। कटरा प्रखण्ड में बागमती और लखनदेई नदी के संगम पर बांध टूट जाने के कारण कई गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया है।
गोपालगंज जिले में करीब एक हजार से अधिक घर गंडक नदी की बाढ़ की भेंट चढ़ चुके हैं। जिले के कुचायकोट प्रखण्ड के दियारा क्षेत्र में रहने वाले लोग बाढ़ के पानी से घिरे हैं। सदर प्रखण्ड के अलावा मांझा, बरौली, सिधवलिया और बैकुंठपुर प्रखण्ड के करीब 48 ग्राम पंचायतों के लोग बाढ़ के पानी में घिरे हुए हैं।
पश्चिम चंपारण की बाल्मिकी व्याघ्र परियोजना में भी बाढ़ का पानी घुस गया है। जिससे वन्यजीवों को भी परेशानी हो रही है। जिले के लौरिया, नरकटियागंज, बगहा प्रखण्डों के कई गांवों से जिला मुख्यालय का संपर्क टूट गया है। जिलाधिकारी देवराज देव ने शुक्रवार को बताया कि राहत एवं बचाव कार्य चलाए जा रहे हैं।
बाल्मिकी व्याघ्र परियाजना के वन क्षेत्र पदाधिकारी एम़ ज़े अली ने बताया कि वन्यजीवों को क्षेत्र से बाहर निकलने से रोकने के प्रयास किए जा रहे हैं।
सुपौल और सहरसा के तटबंधों पर बाढ़ के पानी का दबाव बना हुआ है। सुपौल के जिलाधिकारी आऱ लक्ष्मणन ने बताया कि जिले में अब तक 551 मकान बाढ़ की भेंट चढ़ गए हैं। उन्होंने कहा कि बाढ़ में फंसे लोगों को ऊंचे स्थानों पर पहुंचाने का कार्य चल रहा है। हालांकि सिमरी बख्तियारपुर प्रखण्ड के लोगों का आरोप है कि अब तक राहत और बचाव कार्य प्रारंभ नहीं किए गए।
सुपौल के नौहट्टा, सिमरी बख्तियारपुर, सरखुआ तथा महिषी प्रखण्ड के आधा से ज्यादा गांव बाढ़ के पानी से घिरे हुए हैं। तटबंध के अंदर के गांवों की स्थिति और भयावह हो गई है। जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता चन्द्रशेखर पासवान ने बताया कि तटबंधों पर दबाव है लेकिन स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
उन्होंने स्वीकार किया कि नदियों के जलस्तर में वृद्घि के कारण आधा दर्जन से अधिक जगहों पर रिसाव हुआ था लेकिन उसे तत्काल ठीक कर लिया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications