उप्र में निर्दलीय विधायक समर्थकों के साथ गिरफ्तार
आरोप है कि वाराणसी की कोलअसला विधानसभा सीट से विधायक अजय राय ने शुक्रवार को अपने दो गिरफ्तार समर्थकों को छुड़ाने के लिए पहले समर्थकों के साथ चेतगंज थाने के सामने धरना देकर सड़क जाम की। फिर थाने में घुसकर समर्थकों को छुड़ाने के मकसद से पुलिसकर्मियों के साथ झ्झड़प की।
चेतगंज थाने के वरिष्ठ पुलिस उपनिरीक्षक एस.एन.मिश्रा ने संवादाताओं को बताया कि विधायक व उनके चार समर्थकों को गिरफ्तार करके उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी)की धारा 332, 353, 504 व 225 के तहत मामला दर्ज किया गया।
बाद में सभी को अदालत के सामने पेश किया गया जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
मिश्रा ने कहा कि विधायक के चार समर्थकों ने गत 11 अगस्त को शहर के न्यू इंटरनेशनल होटल जाकर मालिक रविंद्र दुबे से मारपीट करके जबरन 10,000 रुपए वसूल किए।
पुलिस के मुताबिक होटल मालिक ने पूरी मारपीट की घटना की सीसीटीवी फुटेज लेकर आला पुलिस अधिकारियों से विधायक के समर्थकों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई, जिसके बाद गत 25 अगस्त को चारों आरोपियों के खिलाफ चेतगंज थाने में मामला दर्ज किया गया।
मिश्रा ने बताया कि आज तड़के दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। जिसे गलत बताते हुए विधायक सैकड़ों समर्थकों के साथ थाने के बाहर हंगामा करने लगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications