'भगवा आतंकवाद' पर निकला गडकरी का आक्रोश
भोपाल। केंद्रीय गृह मंत्री पी चिदंबरम के भगवा आतंकवाद पर आक्रोशित भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी ने गुरुवार को कहा कि 'भगवा आतंकवाद' कुछ नहीं होता है। गडकरी ने केंद्र पर विष बुझे बाण चलाते हुए कहा कि सरकार का असल उद्देश्य इस तरह के बयानों से जनता का ध्यान अपनी असफलताओं से हटाना है। गडकरी से मुताबिक कांग्रेस 'भगवा आतंकवाद' का प्रचार कर वास्तविक आतंकवादियों को बचाने की साजिश रच रही है।
चिदंबरम ने ये बयान सुरक्षाबलों के प्रमुखों के एक सम्मेलन में दिया था। भाजपा अध्यक्ष ने इस बयान का जवाब भोपाल में चल रहे विधायकों के अभ्यास शिविर में दिया। उन्होने कहा कि आतंकवाद को भगवा आतंकवाद कहना देश के बहुसंख्यक वर्ग का अपमान है और इस तरह के बयानों से उनकी भावनाओं को ठेस पहुंचती है।
इसके बाद गडकरी ने अभिनव भारत के सदस्यों के आतंकी गतिविधियों में लिप्त होने की सफाई पेश करते हुए कहा उन्हे भाजपा और आरएसएस तक के लिए नासूर कह डाला। गडकरी ने कहा कि 'जहां तक अभिनव भारत के लोगों के हिंसक गतिविधियों में शामिल होने की बात है तो इस संगठन के लोगों ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व सरसंघचालक तक की हत्या की साजिश रची थी'।
उन्होंने कहा कि जहां तक कांग्रेस के भगवा आतंकवाद कहे जाने का सवाल है तो हकीकत यह है कि कांग्रेस वास्तविक आतंकवादियों का बचाने के लिए यह प्रचारित कर रही है। उल्लेखनीय है कि केंद्रीय गृह मंत्री पी चिदंबरम ने बुधवार को एक कार्यक्रम में कहा था कि भगवा आतंकवाद का नया आयाम सामने आ रहा है। पार्टी द्वारा आयोजित किए जाने वाले अभ्यास वर्ग की चर्चा करते हुए गडकरी ने कहा कि इन वगरें के आयोजन का मकसद कार्यकर्ताओं में नेतृत्व क्षमता का विकास करना है। साथ ही उन्हें 21 वीं सदी के लिए तैयार करना है। उनका मानना है ऐसे आयोंजनों के जरिए पार्टी और कार्यकर्ता में गुणात्मक सुधार आएगा।












Click it and Unblock the Notifications