उत्तर प्रदेश में सपा का प्रदेशव्यापी प्रदशर्न, लाठीचार्ज (लीड-1)
लखनऊ, 26 अगस्त (आईएएनएस)। यमुना एक्सप्रेस-वे परियोजना को रद्द करने की मांग को लेकर हजारों की संख्या में समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को समूचे उत्तर प्रदेश में सड़कों पर उतरकर प्रदशर्न किया।
राजधानी लखनऊ सहित राज्य के लगभग सभी जिलों में सपा का प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा लेकिन बिजनौर जिले में उग्र सपाइयों ने पुलिस से हाथापाई की। इसके बाद उन पर लाठीचार्ज किया गया।
पुलिस का दावा है कि लाठीचार्ज में कोई भी सपा कार्यकर्ता चोटिल नहीं हुआ वहीं सपा के प्रदेश प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने कहा कि पुलिस के बर्बर लाठीचार्ज में घायल करीब 25 कार्यकर्ताओं को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
चौधरी ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के नेताओं के इशारे पर पुलिस ने सपा कार्यकर्ताओं को अनावश्यक निशाना बनाकर बल का प्रयोग किया। उन्होंने कहा कि धरना-प्रदशर्न के दौरान सैकड़ों कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लेकर आंदोलन को कुचलने के प्रयास किया। बाद में शाम को उन्हें रिहा कर दिया।
प्रवक्ता ने कहा कि सपा कार्यकर्ताओं ने सभी जिला मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन करके यमुना एक्सप्रेस-वे व गंगा एक्सप्रेस-वे जैसी सभी किसान विरोधी परियोजनाओं को रद्द करने, किसानों की भूमि का जबरन अधिग्रहण न करने और दोषी प्रशासिनक अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा चलाने की मांग को लेकर राज्यपाल को ज्ञापन दिया।
उल्लेखनीय है कि बीते सप्ताह अलीगढ़ में किसानों और पुलिस के बीच हुई हिंसक झ्झड़पों और गोलीबारी में एक पुलिसकर्मी व एक किसान की मौत हो गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications