बिजनौर के 25 गांवों में बाढ़ का कहर
बिजनौर जनपद हमेशा से ही बाढ़ से प्रभावित रहा है। इस बार भी पहाड़ों पर हो रही लगातार बारिश से यहां से बह रही गंगा नदी का जल स्तर बढ़ गया है। जिससे 25 से अधिक गांव पूर्ण रूप से बाढ़ की चपेट में पहुंच गए हैं।
दतियाना-नारनौर मार्ग पर भी चार फुट तक पानी भरा हुआ है। गांव सुजानपुर जलीलपुर से भी सम्पर्क कट गया है। गांव मुजफ्फरपुर, नेवला, जमालुद्दीन स्याली, खादर, रवद्यन, नारनौर, रायपुर खादर, सुजानपुर खादर, बसंतपुर, सलेमपुर को बाढ़ ने अपने आगोश में ले लिया है। काफी ग्रामीण गांव से पलायन कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंच गए हैं। दतियाना गांव में ग्रामीण बाढ़ से बचने के लिए घरों की छत पर बैठे हैं।
इन गांवों के घरों में दो-दो फुट तक पानी भरा हुआ है। दो हजार हैक्टयर से अधिक धान व गóो की फसल यहां खराब हो गई है। अनेक मवेशी भी बाढ़ के कारण दम तोड़ चुके हैं। मवेशियों के लिए सबसे बड़ा संकट चारे का हो रहा है।
सलेमपुर के हरचरण, विजयपाल, रूपराम सहित दो दर्जन से अधिक लोगों के मकान गिरने की स्थिति में हैं। जमालुद्दीन गांव में धर्मसिंह तेजपाल, सहित अनेक लोगों के मकान में दरार आ गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्हें राहत सामग्री व दवाईयां नहीं दी जा रही है।
एसडीएम आर.डी. राम व विधायक इकबाल हैकदार ने बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का दौरा किया। एसडीएम ने बताया कि बाढ़ प्रभावित गांवों में प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार दौरा कर राहत उपलब्ध करा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications