पाकिस्तान बाढ़ : कपिल भारत-पाक सहायतार्थ मैच के पक्ष में
पाकिस्तान के समाचार पत्र 'डॉन' ने कपिल के हवाले से लिखा है, "यह भयानक आपदा है। बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए भारत और पाकिस्तान की टीमों को या तो भारत में या फिर पाकिस्तान में सहायतार्थ मैच खेलना चाहिए।" पत्र के मुताबिक कपिल ने यह बात एक निजी चैनल से बातचीत के दौरान कही।
भारत को विश्व कप में एकमात्र खिताबी जीत दिलाने वाले कपिल ने बाढ़ की चपेट में मारे गए लोगों की परिजनों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि वह इस प्रस्ताव को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई ) के सामने रखेंगे।
ऐसा कहा जा रहा कि पीसीबी के अध्यक्ष एजाज बट्ट भारत-पाकिस्तान सहायतार्थ मैच का प्रस्ताव अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के सामने रखेंगे। बट्ट आईसीसी की अगली कार्यकारिणी की बैठक में यह प्रस्ताव रखेंगे।
कई क्रिकेट बोर्डो ने बाढ़ पीड़ितों के लिए सहायतार्थ मैच खेलने का प्रस्ताव पीसीबी के सामने रखा है। इनमें न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका, जिंबाब्वे और वेस्टइंडीज प्रमुख हैं। इंग्लैंड की टीम भी बाढ़ पीड़ितों को लिए पाकिस्तानी टीम के साथ खेलने को तैयार है।
पाकिस्तान के इतिहास की सबसे भयानक बाढ़ से दो करोड़ से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। इस आपदा में 1600 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं जबकि 40 लाख से अधिक लोग बेघर हो गए हैं। पाकिस्तान में संयुक्त राष्ट्र और विश्व स्वास्थ्य संगठन सहित कई प्रमुख अंतर्राष्ट्रीय संस्थाएं राहत कार्यो में जुटी हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications