राहुल ने जीता उड़ीसा के जनजातियों का दिल (लीड-1)
वेदांतस समूह की परियोजना निरस्त होने के दो दिन बाद कालाहांडी जिले के नियमगिरि पहाड़ी क्षेत्र के निकट जगन्नाथपुर गांव में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए गांधी ने उड़िया में कहा, "आपना माननकु समस्थान कु जुहार (मैं आप सभी का अभिवादन करता हूं, नमस्ते)।"
उन्होंने कहा, "आपने अपनी जमीन बचा ली।"
केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय द्वारा खनन परियोजना को निरस्त किए जाने के संदर्भ में उन्होंने कहा, "कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि यह विकास के विरुद्ध है, लेकिन यह सच नहीं है।"
गांधी ने कहा कि सही मायने में विकास वहां होता है, जहां गरीबों की आवाज सुनी जाए। इसके बजाय लोगों के अधिकार नहीं छीने जाएं।
वर्ष 2008 में इस इलाके में अपने पिछले दौरे का जिक्र करते हुए गांधी ने कहा कि वह जनजातियों का साथ देते रहे हैं और उनकी समस्याओं को उठाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनजातियों का शांतिपूर्ण विरोध न केवल दिल्ली, बल्कि बाहर भी सुनी गई है।
गांधी ने पार्टी शासित राज्यों दिल्ली, हरियाणा एवं आंध्र प्रदेश में शुरू की गई विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं का उदाहरण देते हुए कहा कि कांग्रेस गरीबों और जनजातियों के हित की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
युवा कांग्रेस द्वारा आयोजित जनजातीय अधिकार दिवस समारोह में हजारों डोंगरिया कंध एवं कुटिया कंध जनजातियों ने गांधी का स्वागत किया। इनमें से अधिकांश लोग परंपरागत परिधान पहने हुए थे। इन लोगों ने ढोल एवं अन्य वाद्ययंत्रों की धुन पर पारंपरिक नृत्य किया।
उल्लेखनीय है कि केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय ने मंगलवार को वेदांता समूह की बॉक्साइट खनन परियोजना को यह कहते हुए निरस्त कर दिया था कि इससे क्षेत्र के जनजातियों का जनजीवन तथा पर्यावरण प्रभावित होगा।
राहुल ने इससे पहले 2008 में लांजीगढ़ क्षेत्र का दौरा किया था और क्षेत्र में खनन के जनजातियों के विरोध का समर्थन किया था।
पुलिस के अनुसार राहुल गांधी दोपहर लगभग 12.30 बजे रायगदा जिला स्थित थेरूबाली हवाईपट्टी पर विमान से उतरे।
एक वरिष्ठ जिला पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "वह कालाहांडी जिले के निकटवर्ती लांजीगढ़ को रवाना हुए। इसके बाद उन्होंने नियमगिरि पहाड़ी क्षेत्र के निकट जगन्नाथपुर गांव में जनजातियों को संबोधित किया।"
युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप मांझी ने संवाददाताओं से कहा, "राहुल ने जनजातीय युवाओं से कहा कि वे नक्सलियों से दूर रहें।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications