ँपाकिस्तान बाढ़ : लाखों दूषित पेयजल पीने को विवश
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार देश में एक महीने पहले हुई भारी बारिश के चलते आई बाढ़ की चपेट में तकरीबन दो करोड़ लोग आए हैं। इनमें से करीब आधे लोग सरकार या अंतर्राष्ट्रीय संगठनों द्वारा मुहैया कराई जा रही मदद पर आश्रित हैं।
संयुक्त राष्ट्र ने बुधवार को कहा कि 'यूनीसेफ' बाढ़ प्रभावित करीब 25 लाख लोगों तक पीने योग्य पानी पहुंचाने में सफल रहा है। इसके अंतर्गत प्रत्येक व्यक्ति को दिन में पांच लीटर पानी मुहैया कराया गया। संस्था के मुताबिक स्वास्थ्य की जरूरतों के लिहाज से यह पानी काफी कम है।
पाकिस्तान में 'यूनीसेफ' के उप प्रतिनिधि केरेन एलेन ने कहा, "लोगों तक पानी पहुंचाने के लिए हम बहुत तेजी से काम कर रहे हैं लेकिन यह काम इतना आसान नहीं है। हमारा प्रयास अपर्याप्त साबित हो रहा है।"
उन्होंने कहा, "लाखों लोग दूषित पानी पीने को मजबूर हैं। इसकी वजह से उन्हें डायरिया होने के खतरा बढ़ गया है। बाढ़ प्रभावित लोगों में पहले से ही जल जनित रोग फैल चुके हैं।"
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के अनुसार बाढ़ प्रभावित इलाकों में 32 लाख लोगों को डायरिया, चर्म रोग, सांस लेने में परेशानी या संक्रमण और अन्य कई तरह की बीमारियों का इलाज मुहैया कराया जा चुका है।
दक्षिणी प्रांत बलूचिस्तान और सिंध प्रांत में मलेरिया के 65,000 मामले सामने आए हैं। डब्ल्यूएचओ के एक अधिकारी पॉल गारवुड ने बताया,"साफ पानी के अभाव और सफाई की कमी की वजह से बीमारियों को लेकर खतरे बढ़ गए हैं। गंदगी भी बढ़ती ही जा रही है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications