'भगवा आतंकवाद' कांग्रेस की साजिश : गडकरी
भोपाल में चल रहे विधायकों के अभ्यास वर्ग में हिस्सा लेने आए गडकरी ने गुरुवार को संवाददाता सम्मेलन में कहा कि आतंकवाद को भगवा आतंकवाद कहना देश के बहुसंख्यक वर्ग की भावनाओं का अपमान है। जहां तक अभिनव भारत के लोगों के हिंसक गतिविधियों में शामिल होने की बात है तो इस संगठन के लोगों ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के पूर्व सरसंघचालक तक की हत्या की साजिश रची थी।
उन्होंने कहा कि जहां तक कांग्रेस के भगवा आतंकवाद कहे जाने का सवाल है तो हकीकत यह है कि कांग्रेस वास्तविक आतंकवादियों का बचाने के लिए यह प्रचारित कर रही है। उल्लेखनीय है कि केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदंबरम ने बुधवार को एक कार्यक्रम में कहा था कि भगवा आतंकवाद का नया आयाम सामने आ रहा है।
पार्टी द्वारा आयोजित किए जाने वाले अभ्यास वर्ग की चर्चा करते हुए गडकरी ने कहा कि इन वगरें के आयोजन का मकसद कार्यकर्ताओं में नेतृत्व क्षमता का विकास करना है। साथ ही उन्हें 21 वीं सदी के लिए तैयार करना है। उनका मानना है ऐसे आयोंजनों के जरिए पार्टी और कार्यकर्ता में गुणात्मक सुधार आएगा।
एक सवाल के जवाब मे गडकरी ने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रमों में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित कर रहे हैं। इन आयोजनों के जरिए कार्यकर्ताओं मे संगठनात्मक, प्रबंधन, राजनीतिक व सामाजिक दक्षता का विकास किया जा रहा है।
बिहार में जनता दल (युनाइटेड) और भाजपा के बीच चल रहे मतभेदों को खारिज करते हुए गडकरी ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव दोनों दल मिलकर लडेंगे और सरकार बनाएंगे। इतना ही नहीं सीटों का बंटवारा भी आगामी 10 दिनों में हो जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications