मुंबई :'हीरों के चोरों' का खुलासा करेगा इंटरपोल
मुंबई। बॉलीवुड फिल्म धूम के चोरों की तरह मुंबई की ज्वैलरी एक्जिबिशन में 6.6 करोड़ कीमत के हीरे चुराने वाले कुशल चोरों की हाथ की सफाई देखने के बाद हमारी पुलिस का आत्मविश्वास लगता है, इस कदर टूटा है कि इस चोरी का पर्दाफाश करने के लिए और इन इंटरनेशनल चोरों को पकड़ने के लिए इंटरपोल की मदद लेनी पड़ रही है।
मुंबई में इंडिया इंटरनेशनल ज्वैलरी शो-2010 के दौरान हीरे चोरी करने वाले मेक्सिको के तीन संदिग्ध नागरिक दुबई फरार हो गए हैं। उन्हें पकड़ने के लिए इंटरपोल से मदद मांगी गई है। मुंबई के छत्रपति शिवाजी अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि ज्वैलरी शो के दौरान आने वाले आगंतुकों की सीसीटीवी फुटेज और आव्रजन कार्यालय के आंकड़ों की जांच करने के बाद हीरे की चोरी के मामले का पर्दाफाश किया गया।
पुलिस ने बताया, "इजरायली मूल के एक व्यक्ति ने शिकायत की कि दोपहर के समय पांच विदेशी नागरिक प्रदर्शनी देखने आए थे। बाद में एक दंपति ने उनका ध्यान बटाने की कोशिश की और उसी बीच यह घटना हो गई।" पुलिस का कहना है कि इस मामले की जांच अपराध शाखा कर रही है और इंटरपोल से भी मदद मांगी गई है। दुबई और मेक्सिको में स्थित भारतीय दूतावासों ने दोषियों को वापस लाकर मामला दर्ज करने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। जेम्स एंड ज्वैलरी एक्सपोर्ट प्रोमोशन काउंसिल (जीजेईपीसी) ने बताया कि तीन आरोपियों में एक महिला भी शामिल है जो मेक्सिको की निवासी है।












Click it and Unblock the Notifications