आनंद विश्वनाथन मुद्दे पर सरकार ने गलती सुधारी
नई दिल्ली। केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री कपिल सिब्बल ने मंगलवार को कहा कि उन्होंने नागरिकता से जुड़े मुद्दे पर विश्व शतरंज चैम्पियन विश्वनाथन आनंद से माफी मांगी है। सिब्बल ने मौजूदा विवाद के लिए 'प्रक्रिया संबंधी कार्रवाई' को दोषी ठहराया। इससे आनंद की पत्नी अरुणा ने समाचार चैनल 'टाइम्स नाउ' से बातचीत में इस बात की पुष्टि की और कहा, "सिब्बल ने आनंद को व्यक्तिगत तौर पर फोन किया और आश्वस्त किया कि इस मामले को सुलझा लिया जाएगा।"
आनंद की नागरिकता से जुड़ा विवाद उस समय सामने आया जब डॉक्टरेट की उपाधि देने से पहले मानव संसाधन विभाग के अधिकारियों ने उनकी नागरिकता जाननी चाही थी। सिब्बल ने कहा कि आनंद ने उनके प्रस्ताव पर खुशी जाहिर की लेकिन साथ ही कहा कि इससे समस्या खड़ी हो सकती है।
बकौल सिब्बल, "आनंद ने कहा कि उपाधि देने से समस्या खड़ी हो सकती है, तब मैंने कहा कि अगर आपको दिक्कत न हो तो हम आपको आज के ही दिन इस उपाधि से नवाजना चाहते हैं।" सिब्बल ने कहा कि यह स्थिति नौकरशाही की कार्यशैली के चलते आई है। उन्होंने कहा, "ये प्रक्रिया संबंधी मुद्दे हैं..जब इस मुद्दे पर राष्ट्रपति के सामने प्रस्ताव भेजना होता है तो एक साथ कई नाम भेजे जाते हैं।"
सिब्बल ने बताया "मैंने व्यक्तिगत तौर पर आनंद को फोन किया। मैंने कहा कि नागरिकता के मुद्दे पर वह अपने विभाग की ओर से उनसे माफी चाहते हैं। जहां तक डॉक्टरेट की मानद उपाधि की बात है तो मंत्रालय मंगलवार की शाम को ही उन्हें इससे नवाजना चाहेगा।" सिब्बल ने कहा कि आनंद ने अपनी उपलब्धियों से एक नहीं बल्कि कई मौकों पर देश का मान बढ़ाया है।












Click it and Unblock the Notifications