बारिश से दिल्ली में सड़कों पर जाम
दिल्ली के कई इलाकों में जलभराव की वजह से सड़कों पर जाम लग गया है। रिंग रोड, कुतुबमीनार मेट्रो स्टेशन से गुड़गांव तक, राजघाट, मोरी गेट, लाजपत नगर, आश्रम, विकास मार्ग, बदरपुर आदि इलाकों में जलभराव होने से भारी जाम देखा गया।
दिल्ली में सोमवार सुबह से लेकर मंगलवार 8.30 बजे तक कुल 20.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने इस सप्ताह और अधिक बारिश होने की संभावना व्यक्त की है।
एक अधिकारी ने बताया, "बादल छाए रहेंगे और दिन में रिमझिम बारिश होती रहेगी। दिन में एक या दो बार जोरदार बारिश भी हो सकती है। आने वाले दिनों में भी बारिश जारी रहने की संभावना है।"
दिल्ली में अब तक कुल 686 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है जो औसत से 40 फीसदी अधिक है। केवल अगस्त महीने में ही 444 मिलीमीटर बारिश हुई है जो पिछले 10 वर्षो में सबसे अधिक है।
शहर में सोमवार रात को न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications