गंगोत्री और केदारनाथ यात्रा मार्ग बंद
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले 24 घटों में भी प्रदेश में भारी बारिश के आसार हैं। किसी भी आपदा से निपटने के लिए प्रशासन को सरकार द्वारा चाक चौबंद रहने का निर्देश जारी किया गया है।
भारी वर्षा के कारण पहाड़ दरकने से मौत का तांडव जारी है। सोमवार देर शाम को पौडी क्षेत्र में एक महिला की मृत्यु हो गई जबकि उसकी 16 वर्षीय बेटी दुर्घटना का शिकार हुई है। पौडी के पुलिस अधीक्षक पुष्पक ज्योति ने बताया कि सोमवार को भूस्खलन होने से जिले में खिर्सू के पास एक मकान पर भारी मलबा आ गिरा, जिससे उस मकान की छत टूट गई और मलबे में दब कर एक महिला की मौत हो गई और इस घटना में उसकी बेटी घायल हो गई।
वहीं टिहरी जिले में चम्बा के पास कल रात भूस्खलन के चलते एक वाहन के खाई में गिर जाने से उसमें सवार पांच व्यक्तियों की मौत हो गई और चार घायल हो गए। आंकडों को देखे तो इस वर्ष बारिश के कहर से राज्य में अब तक 82 लोगों की मौत हो चुकी है और 179 लोग घायल हुए हैं।
वर्षा के चलते इस वर्ष प्रसिद्घ चारधाम यात्रा भी बुरी तरह प्रभावित हुई है। राज्य के आपदा न्युनिकरण और प्रबंधन केन्द्र ने बताया कि मंगलवार को गंगोत्री, यमुनोत्री और केदारनाथ यात्रा मार्ग पर जगह-जगह मलबा आने के कारण यातायात बाधित होने से यात्रा बंद रही। सिर्फ बद्रीनाथ यात्रा ही सुचारू रूप से चल रही है।
वहीं राज्य के मौसम केन्द्र ने कहा है कि अगले 24 घंटों में भी बारिश से निजात नहीं मिलेगी। सूबे में भारी बारिश की संभावना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications