नागरिकता मामला : सिब्बल ने आनंद से माफी मांगी (लीड-1)
सिब्बल ने यहां पत्रकारों से कहा, "मैंने व्यक्तिगत तौर पर आनंद को फोन किया। मैंने कहा कि नागरिकता के मुद्दे पर वह अपने विभाग की ओर से उनसे माफी चाहते हैं। जहां तक डॉक्टरेट की मानद उपाधि की बात है तो उनका मंत्रालय मंगलवार शाम को ही उन्हें इससे नवाजना चाहेगा।"
आनंद की नागरिकता से जुड़ा विवाद उस समय सामने आया जब डॉक्टरेट की उपाधि देने से पहले मानव संसाधन विभाग के अधिकारियों ने उनकी नागरिकता जाननी चाही थी।
सिब्बल ने कहा कि आनंद ने उनके प्रस्ताव पर खुशी जाहिर की लेकिन साथ ही कहा कि इससे समस्या खड़ी हो सकती है।
बकौल सिब्बल, "आनंद ने कहा कि उपाधि देने से समस्या खड़ी हो सकती है, तब मैंने कहा कि अगर आपको दिक्कत न हो तो हम आपको आज के ही दिन इस उपाधि से नवाजना चाहते हैं।"
सिब्बल ने कहा कि यह स्थिति नौकरशाही प्रक्रिया के दौरान आई है। उन्होंने कहा, "ये प्रक्रिया संबंधी मुद्दे हैं..जब इस मुद्दे पर राष्ट्रपति के सामने प्रस्ताव भेजना होता है तो एक साथ कई नाम भेजे जाते हैं।"
सिब्बल ने कहा कि आनंद ने अपनी उपलब्धियों से एक नहीं बल्कि कई मौकों पर देश का मान बढ़ाया है।
इससे पहले, आनंद की पत्नी अरुणा ने समाचार चैनल 'टाइम्स नाउ' से बातचीत में कहा, "सिब्बल ने आनंद को व्यक्तिगत तौर पर फोन किया और आश्वस्त किया कि इस मामले को सुलझा लिया जाएगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications