पंचायतों के सशक्तीकरण के लिए प्रशिक्षण जरूरी : गहलोत
जयपुर, 22 अगस्त (आईएएनएस)। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि पंचायतीराज संस्थाओं के सशक्तीकरण के लिए उच्च कोटि के प्रशिक्षण की आवश्यकता है। जनप्रतिनिधि प्रशिक्षण के माध्यम से नए बदलावों को आत्मसात कर अपनी प्रभावी भूमिका निभा सकेंगे।
गहलोत रविवार को यहां राष्ट्रीय ग्रामीण विकास संस्थान, हैदराबाद के जयपुर केंद्र के उद्घाटन अवसर पर आयोजित समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अकुशल श्रमिकों को कुशल बनाने तथा उनमें कौशल के विकास पर जोर दिया जाए, ताकि ग्रामीण विकास से संबंधित कार्य समय पर पूरा हो सकें।
गहलोत ने कहा कि हैदराबाद का राष्ट्रीय ग्रामीण विकास संस्थान एक विश्वस्तरीय संस्थान है। जयपुर में इसके केंद्र की शुरुआत गरिमा के साथ हुई है। आगे चलकर इस संस्थान में नए पाठ्यक्रमों की शुरुआत की जाएगी।
उन्होंने कहा कि पंचायतीराज के स्वर्ण जयंती वर्ष में नागौर में हुए सम्मेलन में राज्य सरकार ने पंचायतीराज संस्थाओं को सशक्त बनाने के लिए और अधिक अधिकार सौंपने की घोषणा की थी। साथ ही इस अवसर पर केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री जोशी ने जयपुर में राष्ट्रीय ग्रामीण विकास संस्थान का केंद्र खोलने का एलान किया था।
उन्होंने बताया कि इस केंद्र के लिए 100 एकड़ जमीन उपलब्ध कराई गई है। प्रदेश में पंचायतीराज संस्थाओं को अधिकार देने के संबंध में प्रो. व्यास समिति की रिपोर्ट सरकार को मिल चुकी है। राज्य सरकार की मंशा है कि इसकी अनुशंसा के अनुरूप पहले चरण में प्रारंभिक शिक्षा, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, कृषि और महिला एवं बाल विकास के पांच विभाग 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी की जयंती पर पंचायतीराज को सौंपने की प्रक्रिया पूरी हो।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications