विशालकाय राखी देगी पर्यावरण बचाने का संदेश
लखनऊ के महानगर व्यापार मंडल के बैनर तले समाज की अलग-अलग धाराओं के लोगों ने मिलकर इस विशालकाय राखी को तैयार किया है।
सामाजिक कार्यकर्ता अनूप मिश्रा ने सोमवार को लखनऊ में संवाददाताओं को बताया, "इस विशाल राखी का पेड़ को बांधना हमारे पर्यावरण प्रेम और पर्यावरण संरक्षण के प्रति हमारे प्रयास को दर्शाएगा। इस विशेष राखी को बांधने के लिए हमने 90 साल पुराने एक गूलर के पेड़ को चुना है।"
उन्होंने बताया, "शहर के निशातगंज इलाके स्थित इस पेड़ को चुनने का कारण यह है कि एक बार यह पेड़ सूखने के कगार पर पहुंच गया था, लेकिन स्थानीय लोगों के प्रयास से यह फिर से हरा हो गया। इसलिए इस पेड़ को राखी बांधकर हम इसके नए जीवन का जश्न भी मनाएंगे।"
मिश्रा के अनुसार इस विशायकाल राखी को 'पर्यावरण रक्षा सूत्र' नाम दिया गया है और इसमें पेड़ लगाओ, हरियाली बढ़ाओ, धरती माता को बचाना तुम्हारा कर्तव्य है.. जैसे संदेश लिखे हुए हैं। इसे प्लाईवुड से तैयार किया गया है। इसे सजाने और खूबसूरत बनाने के लिए चमकीले कागज, बटन, पुराने कपड़े एवं अन्य वस्तुओं का प्रयोग किया गया है।
उन्होंने बताया कि रक्षा बंधन के दिन लोगों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता लाने के लिए महानगर व्यापार मंडल कई सांस्कृतिक कार्यक्रमों आयोजन भी करेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications