मनीला : पर्यटकों को बंधक बनाने वाला मारा गया (लीड-1)
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार पुलिस अधिकारी एवं चिकित्साकर्मी बस की ओर दौड़े जब अपहर्ता बर्खास्त पुलिस अधिकारी रोलैंडो डेल रोसारियो मेंडोजा को पुलिस ने मार गिराया।
कम से कम चार पर्यटकों को स्ट्रेचर पर बाहर निकाला गया, लेकिन उनकी स्थिति अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।
मनीला शहर के एक समुद्र तटीय पार्क में बस से बाहर निकाले जाने के बाद में एक चीनी महिला रोती देखी गई।
आंतरिक मामलों के सचिव जेसी रोब्रेडो ने कहा कि बस में जब हिंसा भड़की, उस समय अधिकारी हांगकांग से आए 15 चीनी पर्यटकों की स्थिति का मुआयना कर रहे थे।
उन्होंने कहा, "15 में से लगभग आधे जिंदा बच गए हैं। अन्य मृत पाए गए तथा कुछ जख्मी हो गए हैं। हम इस घटना से बेहद दुखी हैं।"
इससे पहले मेंडोजा ने बस को 10 घंटे से अधिक समय तक अपने कब्जे में रखा और अधिकारियों से अपनी बर्खास्तगी की समीक्षा करने की मांग की। उसे फरवरी 2009 में जबरन वसूली एवं उत्पीड़न के कारण बर्खास्त कर दिया गया था।
उसने किसी भी गलत कार्य से इंकार किया तथा अदालत में एक अपील दायर की।
मेंडोजा ने जब बस को कब्जे में लिया, उस वक्त 20 चीनी पर्यटकों एवं हांगकांग के एक तथा फिलीपींस के चार ट्रैवेल गाइड सहित 25 लोग बस के भीतर थे।
रोब्रेडो के मुताबिक तीन बच्चों सहित छह चीनी पर्यटक और तीन फिलीपीनी को पहले ही मुक्त कर दिया गया। मेंडोजा ने जब बस के भीतर गोली चलानी शुरू की तब फिलीपीनी बस चालक भाग गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
