निर्यातकों के लिए 1050 करोड़ रुपये राहत की घोषणा
नई दिल्ली, 23 अगस्त (आईएएनएस)। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री आनंद शर्मा ने सोमवार को कहा कि सरकार हस्तशिल्प, हैंडलूम्स और चमड़ा उद्योग जैसे श्रम केंद्रित क्षेत्रों को 1,050 करोड़ रुपये का अतिरिक्त प्रोत्साहन उपलब्ध कराएगी, क्योंकि अमेरिका और यूरोप में मंदी के कारण ये क्षेत्र बुरी तरह प्रभावित हुए हैं।
विदेश व्यापार नीति के लिए वार्षिक परिशिष्ट की घोषणा करते हुए शर्मा ने कहा, "तात्कालिक राहत के रूप में उन क्षेत्रों को एक बोनस प्रोत्साहन उपलब्ध कराया जा रहा है, जिनका निर्यात अभी भी रास्ते पर नहीं आ पाया है।"
वाणिज्य सचिव राहुल खुल्लर ने कहा कि सरकार पहले ही 1,350 करोड़ रुपये के एक प्रोत्साहन पैकेज की घोषणा कर चुकी है। उन्होंने कहा, "1,050 करोड़ रुपये का बोनस प्रोत्साहन पूर्व में घोषित पैकेज के अतिरिक्त होगा।" उन्होंने कहा कि प्रोत्साहन योजना पहली अप्रैल, 2010 से लागू होगी।
हस्तशिल्प, हैंडलूम, सिल्क कार्पेट, चमड़ा और चमड़ा उत्पादक, खेल वस्तुए, खिलौने और कुछ साइकिल पुजरे के व्यापार जैसे श्रम आधारित क्षेत्र इस योजना के तहत शामिल किए जाएंगे।
जुलाई महीने में भारत की निर्यात वृद्धि दर में पूर्व के महीने के 30.4 प्रतिशत के मुकाबले 13.2 प्रतिशत की गिरावट आई है। इस कारण सरकार प्रोत्साहन कदमों की घोषणा के लिए बाध्य हुई है, अन्यथा वित्त वर्ष 2010-11 में 200 अरब डॉलर के निर्यात लक्ष्य को हासिल कर पाने की स्थिति नहीं बन पाएगी।
शर्मा ने कहा, "कुछ क्षेत्र अभी भी वैश्विक मंदी की मांग के सदमे से उबरने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। इन क्षेत्रों के लिए हम अतिरिक्त लाभ मुहैया करा रहे हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications