महाकाल व पशुपतिनाथ की शाही सवारी निकली
भोपाल, 20 अगस्त,(आईएएनएस)। सावन मास के अंतिम सोमवार को मध्य प्रदेश के देवालयों मे भक्तों का तांता लगा रहा। श्रद्घालुओं ने विशेष पूजा-अर्चना कर अपने उज्वल भविष्य की कामना की। उज्जैन में महाकाल और मंदसौर में पशुपतिनाथ की शाही सवारी निकली। इन दोनों धार्मिक अनुष्ठानों में प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपनी पत्नी साधना सिंह के साथ हिस्सा लिया।
सोमवार को सुबह से ही तमाम मंदिरों में श्रद्घालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। मंदिरों में जयकारों के साथ ही मंत्रोच्चार और भजन गूंज रहे थे।
उज्जैन में बाबा महाकाल की सावन मास के चौथे सोमवार को शाही सवारी निकली। सबसे पहले पालकी की पूजा अर्चना की गई और फिर शंख ध्वनि के साथ महाकाल के दरबार से बाहर आने की सूचना दी गई। पुलिस के जवानों ने महाकाल को 'गार्ड ऑफ ऑनर' दिया और महाकाल निकल चले प्रजा का हाल जानने।
ऐसी मान्यता है कि बाबा महाकाल सावन के अंतिम सोमवार को अपनी प्रजा का हाल जानने निकलते हैं। महाकाल की शाही सवारी में चौहान के अलावा राज्य के कई मंत्री और विधायक भी शामिल हुए। शाही सवारी का भक्तों ने जगह-जगह जोरदार स्वागत किया और साथ ही पूजा-अर्चना कर मंगलमय जीवन की कामना की।
इसी तरह मंदसौर में पशुपतिनाथ की शाही सवारी निकली, जिसमें शहर के हजारों लोग शामिल हुए। इस मौके पर चौहान ने मंदसौर को पवित्र नगरी घोषित किया। चौहान ने अपनी पत्नी के साथ पशुपतिनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की और मनोकामना यज्ञ में हिस्सा लिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।