सिंध में बाढ़ का पानी बढ़ा, अंतिम चेतावनी जारी
समाचार पत्र 'डॉन' ने सोमवार को खबर दी है कि अधिकारियों ने शाहदादकोट कस्बे के लोगों को तत्काल शहर खाली करने की अंतिम चेतावनी दी है।
कम्बर-शाहदादकोट के जिला समन्वय अधिकारी गुलाम यासीन शार ने कहा कि तोरी और बेगारी नहरों के तटबंध टूटने से निकला बाढ़ का पानी कस्बे की ओर बढ़ रहा है। इस कस्बे में 400,000 लोग रहते हैं। कस्बे के पास का एक अस्थाई तटबंध भी टूट गया है।
सिंध प्रांत के खाद्य मंत्री मीर नादिर मगसी से कहा, "हमें ऐसी आपदा की उम्मीद नहीं थी।"
मंत्री ने कहा कि पानी का स्तर साढ़े आठ फुट ऊपर हो चुका है। यदि अधिकारियों ने पहले ऐसी स्थिति देखी होती तो कस्बे को बचाने के लिए ऊंचे तटबंधों का निर्माण कराते।
पाकिस्तानी नौसेना और मछुआरों के संगठनों की नौकाएं लोगों को विभिन्न इलाकों में बचाने के प्रयास में लगी हैं। कुछ इलाकों में तो केवल डूबे हुए गांव ही दिखाई दे रहे हैं।
मगसी ने कहा कि तटबंधों पर शरण लिए हुए सैकड़ों लोगों को वहां से हटाया जाना है। इन लोगों को बचाने के लिए नौसेना की नौकाओं और हेलीकॉप्टरों की तत्काल आवश्यकता है।
पाकिस्तान के छह दशकों के इतिहास में आई सबसे बड़ी आपदा में अब तक 1,600 लोग मारे जा चुके हैं और करीब दो करोड़ लोग इससे प्रभावित हुए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications