शशि थरूर-सुनंदा पुष्कर का हनीमून स्पेन में
पलक्कड। आईपीएल प्रबंधक ललित मोदी की ट्विटर टिप्पणी के बाद विदेश राज्यमंत्री के पद से हटाए गए और केरल के तिरुवनंतपुरम से कांग्रेसी सांसद शशि थरूर आखिरकार अपनी महिला मित्र सुनंदा पुष्कर से पारंपरिक त्योहार ओणम के अवसर पर विवाह बंधन में बंधने जा रहे हैं। सुनंदा पुष्कर और शशि थरूर की शादी रविवार को थरूर की 94 वर्षीया दादी की उपस्थिति में उनके पैतृक घर में होगी। दिल्ली में उनके मित्रों के लिए 3 सितम्बर को एक रात्रिभोज का आयोजन किया जाएगा।
थरूर-सुनंदा पहुंचेगे अलग-अलग
इसके बाद थरूर और पुष्कर दुबई रवाना हो जाएंगे। दुबई में वे एक प्रीतिभोज में शामिल होंगे और इसके बाद अपने हनीमून के लिए स्पेन रवाना होंगे। थरूर के एक निकट सहयोगी ने बताया कि थरूर शनिवार को कोयम्बटूर आ रहे हैं और वहां से अपने पैतृक घर जाएंगे। जबकि उनकी दुबई में रहने वाली मंगेतर सुनंदा पुष्कर एक अलग प्लेन से वहां पहुंचेंगी। सुनंदा पुष्कर एक रिटायर्ड कश्मीरी सैन्यकर्मी की लड़की हैं।
थरूर की दादी की उपस्थिति में होगी शादी
इस आयोजन के लिए थरूर के 200 वर्ष पुराने पैतृक आवास की रंगाई और मरम्मत की गई है। शादी का आयोजन रविवार की सुबह 7.30 बजे हिंदू नायर परम्परा के अनुसार थरूर की दादी की उपस्थिति में होगा। समारोह में केवल थरूर के रिश्तेदार और घनिष्ठ मित्र शामिल होंगे। परम्परा के अनुसार थरूर, सुनंदा के गले में थाली बांधेगे और एक दूसरे को वरमाला पहनाएंगे। इस दौरान थरूर सुनंदा को नए कपड़ों का जोड़ा भी देंगे जिसे स्थानीय भाषा में 'पोडवा' कहते हैं। ओणम त्योहार के पहले दिन विवाह समारोह संपन्न होने के बाद नव दंपत्ति रविवार की शाम को तिरूवनंतपुरम रवाना हो जाएंगे।
मालूम हो कि 54 साल के थरूर का जन्म लंदन में हुआ लेकिन उनकी जड़े पलक्कड (केरल) में हैं। उनकी स्कूली शिक्षा मुंबई और कोलकाता में हुई। उन्होंने नई दिल्ली के सेंट स्टीफेन कॉलेज से इतिहास में स्नातक की डिग्री हासिल की। मैसाचुसेट्स के टफ्ट्स विश्वविद्यालय के फ्लेचर स्कूल ऑफ लॉ एंड डिप्लोमेसी से उन्होंने रिसर्च किया। संयुक्त राष्ट्र के पूर्व अवर महासचिव रह चुके थरूर ने वर्ष 2009 में तिरूवनंतपुरम संसदीय क्षेत्र से रिकार्ड मतों से जीत हासिल की। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) से जुड़े एक विवाद के चलते उन्होंने विदेश राज्यमंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया था।












Click it and Unblock the Notifications