'थाना पानी में, मामला कहाँ दर्ज करें'

इबादुल हक़
बीबीसी संवाददाता, मुज़फ़्फ़रगढ़, पाकिस्तान
जाएं तो जाएं कहाँ? पाकिस्तान में बाढ़ से प्रभावित व्यक्तियों को जहाँ अपने सामान के चोरी होने का दुख है वहीं उनको ये भी शिकायत है कि पुलिस चोरी करने वालों के ख़िलाफ़ कोई कार्रवाई नहीं कर रही है.
पीड़ितों के अनुसार पुलिस वालों का कहना है कि 'जब थाने ही नहीं रहे तो शिकायत कहाँ दर्ज करें?'
दक्षिणी पंजाब के राहत शिविरों और अन्य जगहों पर पनाह लेने वाले बाढ़ पीड़ितों का कहना है कि उन घरों से सामान चोरी हो रहे हैं जिन्हें वे पानी घुस आने से छोड़ आए हैं. उन्हें हमेशा ये डर लगा रहता है कि उनका सामान कहीं चोरी न हो जाए क्योंकि पहले के मुक़ाबले चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं.
'पाकिस्तान में चाहिए और हेलिकॉप्टर'
मुज़फ़्फ़रगढ़ के पास के इलाक़े महमूद कोट के क़ैसर अब्बास कहते हैं, "घर में पड़े सामान की सुरक्षा का कोई इंतिज़ाम नहीं है, पानी घुस आया है और वे सारी रात जाग कर अपने सामान की हिफ़ाज़त करने पर मजबूर हैं."
प्रभावितों का कहना है कि वे जब पुलिस को सामान चोरी होने की ख़बर देते हैं तो वे कहते हैं कि ये आपका मसला है, ख़ुद ही हल करें.
तहसीन रज़ा ने बताया कि उन्होंने चार-पांच लोगों को चोरी करते हुए पकड़ा और इलाक़े के एसएचओ को टेलीफ़ोन किया तो उन्होंने कहा, "थाना तो पानी में डूब चुका है, तो फिर मामला कहाँ दर्ज करें?"
तहसीन रज़ा ने कहा कि पुलिस के इंकार के बाद उन्होंने चोर को छोड़ दिया. उन्होंने बताया कि जब बाढ़ का पानी उनके इलाक़े में आया तो बड़ी संख्या में लोग अपना सामान नहीं उठा सके, इसलिए उनका ध्यान हमेशा उसी तरफ़ लगा रहता है.
क्यों न पसीजा दिल?
सुलतान कॉलोनी में स्थित प्रभावितों का कहना है कि उन्होंने अपने इलाक़े की पुलिस को सामान चोरी होनी की ख़बर दी थी तो जवाब मिला था कि 'हमारे साथ मुक़दमा दर्ज करने की बात न करें क्योंकि इन हालात में मुक़दमा दर्ज कैसे हो?'
कैंप में रहने वाले हाफ़िज़ ग़ुलाम यासीन का कहना है कि उनकी बस्ती के पांच घरों का सामान चोरी हो चुका है. जब पुलिस को इस घटना की ख़बर दी गई तो उनके अनुसार पुलिस वालों का कहना था कि वे राहत कार्य करें या शकायत करने वालों की बात सुनें.
बाढ़ पीड़ितों का कहना है कि चोर नौकाओं पर आते हैं और कोई उन्हें रोके तो कहते हैं कि वे अपने घर का सामान ले जा रहे हैं. इस प्राकर सीना ज़ोरी चल रही है.
कैंप में मौजूद मोहम्मद इस्माईल का कहना था कि पुलिस अपने चक्कर में है और लूटने वाले अपने चक्करों में लगे हुए हैं.












Click it and Unblock the Notifications