केंद्र सरकार उठाएगी यूनियन कार्बाइड संयंत्र की सफाई का खर्च
नई दिल्ली। भोपाल गैस त्रासदी मामले में घर-बाहर सभी जगह आलोचना का शिकार हो रही केंद्र सरकार ने इस मुद्दे को हर हाल में निबटाने का फैसला कर लिया है। इसी लिए केंद्र सरकार ने मंत्री समूह को ये मामला सौंपा था। अब मंत्रियों की सिफारिश के पर केंद्र सरकार ने भोपाल में यूनियन कार्बाइड संयंत्र में पड़े जहरीले कचरे की सफाई का खर्च उठाने का फैसला कर लिया है।
केंद्रीय रसायन एवं पेट्रोरसायन राज्य मंत्री श्रीकांत जेना ने राज्यसभा में कहा, "भोपाल गैस त्रासदी पर गठित मंत्री समूह की सिफारिश के आधार पर केंद्र सरकार ने यूनियन कार्बाइड संयंत्र स्थल सफाई का खर्च उठाने का फैसला किया है।" जेना ने कहा, "सफाई पर 310 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। इस राशि को मंजूरी मिल गई है। मध्य प्रदेश सरकार द्वारा उपचार एवं कचरा निपटाने के लिए खास परियोजनाओं का प्रस्ताव दिए जाने के बाद यह राशि जारी कर दी जाएगी।" जेना ने ये सूचना यूनियन कार्बाइड संयंत्र स्थल में पड़े खतरनाक जहरीले कचरे की सफाई पर पूछे गए एक प्रश्न के जवाब में दी।
उल्लेखनीय है कि भोपाल गैस त्रासदी मुद्दे पर मोंटेक सिंह अहलूवालिया को एक अमेरिकी अधिकारी द्वारा किये गए मेल सके खुलासे के बाद से ये जगजाहिर हो चुका है कि इस मुद्दे को दबाने का भारत सरकार पर अमेरिकी दबाव है। इस के बाद से लगातार सरकार की किरकिरी हो रही है और ये एक विवादास्पद मुद्दा बनता जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications