भाजपा 21 अगस्त को मनाएगी कश्मीर बचाओ दिवस
नई दिल्ली, 21 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पूरे देश में 21 अगस्त को काश्मीर बचाओ दिवस मनाएगी। पार्टी की ओर से इस दिन देशभर में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और इसके माध्यम से केंद्र सरकार को कश्मीर मुद्दे पर ढील बरतने के प्रति चेतावनी दी जाएगी।
पार्टी के उपाध्यक्ष एवं केंद्रीय कार्यक्रमों एवं आंदोलनों के प्रभारी मुख्तार अब्बास नकवी ने बताया कि देश के सभी भागों में पार्टी कांग्रेस नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की कश्मीर के मुद्दे पर अलगाववादियों एवं आतंकवादियों के सामने 'घुटना टेक नीति' के खिलाफ कार्यक्रम करेगी।
नकवी ने बताया कि कश्मीर में पिछले कुछ दिनों से हालात बेकाबू हैं और अलगाववादी संगठन समानांतर सरकार चला रहे हैं। सीमा पार से ऐसे तत्वों को मदद और प्राश्रय दिया जा रहा है। केंद्र सरकार फिर भी कश्मीर के हालात पर काबू पाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है।
उन्होंने कहा कि पार्टी अध्यक्ष नितिन गडकरी तथा पूर्व अध्यक्ष एम़ वेंकैया नायडू महाराष्ट्र में होने वाले कार्यक्रम में भाग लेंगे, डा. मुरली मनोहर जोशी उत्तर प्रदेश, राजनाथ सिंह असम, सुषमा स्वराज मध्य प्रदेश, अरुण जेटली दिल्ली तथा अनंत कुमार बिहार में होने वाले काश्मीर बचाओ कार्यक्रम में भाग लेंगे।
इसके अलावा शांता कुमार एवं कलराज मिश्र हिमाचल प्रदेश, विनय कटियार जम्मू, थावरचंद गेहलोत उत्तराखण्ड, नरेंद्र सिंह तोमर उत्तर प्रदेश, अर्जुन मुंडा उड़ीसा, रविशंकर प्रसाद गुजरात, धर्मेद्र प्रधान छत्तीसगढ़, आरती मेहरा गोवा, मुरलीधर राव तमिलनाडु, ज़े पी़ नड्डा चंडीगढ़, विजय गोयल, किरीट सोमैया, राजीव प्रताप रूड़ी, प्रकाश जावड़ेकर, शाहनवाज हुसैन, डा. हर्षवर्धन एवं कैप्टन अभिमन्यु सिंह आदि भी विभिन्न प्रदेशों में होने वाले कश्मीर बचाओ कार्यक्रम में भाग लेंगे।
नकवी के अनुसार इन कार्यक्रमों के अतिरिक्त सभी जिला एवं प्रदेश मुख्यालयों पर कश्मीर बचाओ कार्यक्रम के माध्यम से केंद्र सरकार को चेतावनी दी जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications