टेमर नदी में फंसे 9 लोगों को बचाया गया
बरगी थाने के प्रभारी रवि चौहान ने शनिवार को आईएएनएस को बताया है कि शुक्रवार की सुबह टेमर नदी के बीच बने टापू पर कुछ लोग लकड़ी बीनने और मछलियां पकड़ने गए थे। तभी सिवनी जिले में ज्यादा बारिश होने के कारण नदी का जल स्तर बढ़ गया। देखते ही देखते टापू पर चार बच्चों सहित कुल नौ लोग फंस गए। शाम को जब पुलिस को इस बात की खबर लगी तो राहत एवं बचाव कार्य शुरू हुआ ।
चौहान ने बताया कि दो बच्चों मनोज (14 वर्ष) और दीपक (12 वर्ष) को रात तक सुरक्षित निकाल लिया गया था। अंधेरा और पानी का बहाव ज्यादा होने के कारण देर रात को राहत व बचाव रोक दिया गया था। टापू पर फंसे लोगों को खाना आदि भेजने के साथ उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने का भरोसा दिलाया गया।
शनिवार सुबह फिर राहत व बचाव कार्य शुरू हुआ और होमगार्ड व गोताखोरों की मदद से शेष सात लोगों नरेंद्र उनिया (12 वर्ष), जेठू (54 वर्ष), रज्जो बाई (36 वर्ष), पूना बाई (33 वर्ष), सुनीता (30 वर्ष) और दो अन्य को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications