मोइली ने किया अधविक्ता प्रशिक्षण योजना का शुभारंभ
नई दिल्ली, 20 अगस्त (आईएएनएस)। केंद्रीय विधि मंत्री डा. वीरप्पा मोइली ने शुक्रवार को यहां राजीव गांधी अधविक्ता प्रशिक्षण योजना का शुभारंभ किया। योजना का मुख्य उद्देश्य मजिस्ट्रेट और मुंसिफ अदालतों में प्रैक्टिस करने वाले युवा वकीलों को दो महीने का प्रशिक्षण देना है, ताकि वे वास्तविक धरातल पर विधि पेशेवर की जरूरत पूरी कर सकें।
योजना के तहत पेशेवर प्रशिक्षण के लिए हर राज्य से प्रत्येक वर्ष 10 युवा वकीलों का चयन किया जाएगा। उम्मीदवारों का चयन करते समय उन वकीलों को प्राथमिकता दी जाएगी जो अनुसूचित जातियों, अनुसूचित जनजातियों, अन्य पिछड़े वर्गो, महिलाओं और शारीरिक रूप से विकलांग श्रेणी में आते हों। सरकार प्रशिक्षण पर हर साल 70 लाख रुपये खर्च करेगी।
योजना के अनुसार प्रत्येक वर्ष इच्छुक वकीलों से आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे। आवेदक मजिस्ट्रेट और मुंसिफ अदालत में प्रैक्टिस कर रहा हो तथा आयु 30 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। आवेदक की मासिक आय 6000 रुपये प्रति माह से अधिक नहीं होनी चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।











Click it and Unblock the Notifications