विपक्ष ने उत्तराखण्ड के खेल मंत्री से मांगा इस्तीफा
देहरादून, 20 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तराखण्ड के खेल एवं वैकल्पिक ऊर्जा मंत्री राजेंद्र भंडारी को शुक्रवार को एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होने पर विपक्ष की आलोचना का सामना करना पर रहा है। विपक्षी दल कांग्रेस ने राज्य में राजकीय शोक घोषित के बावजूद सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने पर मंत्री से इस्तीफे की मांग की है।
विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता डा. हरक सिंह रावत ने कहा कि यह शर्मनाक है कि बागेश्वर की घटना में मारे गए 18 बच्चों की मौत पर पूरा प्रदेश गहरे शोक में है और प्रदेश सरकार के मंत्री सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहे हैं। खेल मंत्री को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए।
वहीं मीडिया में मामला तूल पकड़ने के बाद भंडारी ने कार्यक्रम के मनोरंजक होने की बात नकार दी। भंडारी ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि कार्यक्रम पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की जयंती के अवसर आयोजित था। यह कोई मनोरंजक कार्यक्रम नहीं था। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में अक्षय ऊर्जा के विकास को बढ़ावा देने के थीम पर एक प्रस्तुति दी गई थी।
भंडारी ने कहा कि कार्यक्रम की शुरुआत में ही बागेश्वर की घटना में 18 बच्चों की मौत पर शोक व्यक्त करने के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम राजीव गांधी द्वारा देश में अक्षय ऊर्जा का भंडार विकसित करने की सोच को याद करने के लिए आयोजित था।
उधर, विपक्ष की दलील है कि शोक की घटना के बाद कार्यक्रम को स्थगित किया जा सकता था या उसे मनोरंजक साधनों के बगैर सादगी से मनाना चाहिए था।
गौरतलब है कि बुधवार को बागेश्वर जिले में बादल फटने के बाद हुई तेज बारिश में विद्यालय की छत ढहने से 18 बच्चों की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद राज्य सरकार ने 19 एवं 20 अगस्त को राजकीय शोक की घोषणा की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications