बारूद से भरे लापता ट्रकों में से 15 खाली मिले
भोपाल, 16 अगस्त (आईएएनएस)। राजस्थान के धौलपुर से मध्य प्रदेश के सागर के लिए निकले बारूद से भरे लापता हुए 61 में से 15 और खाली ट्रक भीलवाड़ा से बरामद कर लिए गए हैं। इस तरह अब तक पुलिस ने 19 ट्रक बरामद कर लिए हैं जो सभी खाली मिले हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
मालूम हो कि धौलपुर स्थित राजस्थान एक्सप्लोसिव एंड कैमिकल्स लिमिटेड से अप्रैल से जून माह के दौरान सागर के सडेरी में स्थित गणेश विस्फोटक के नाम पर कुल 61 ट्रक विस्फोटक भेजा गया था मगर यह विस्फोटक सागर नहीं पहुंचा। जिस लाइसेंसधारी के नाम पर विस्फोटक धौलपुर से जारी किया गया है उसका लाइसेंस 31 मार्च को ही खत्म हो चुका है।
विस्फोटक से भरे ट्रकों के लापता होने का खुलासा होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की, इसी क्रम में सागर के पुलिस दल धौलपुर, भीलवाड़ा, अहमदनगर और राजकोट गए हुए हैं। भीलवाड़ा गए दल को बड़ी कामयाबी मिली है।
सागर के पुलिस अधीक्षक वी.के. सूर्यवंशी ने शनिवार को आईएएनएस को बताया कि भीलवाडा में पुलिस दल ने शिवचरण हेड़ा के आवास पर दबिश देकर 15 ट्रक जब्त किए हैं। इनमें से 10 ट्रक वे हैं जो विस्फोटक भेजने वाले ट्रकों की सूची में शामिल हैं। यह सभी ट्रक खाली मिले हैं।
भीलवाड़ा से पहले चार ट्रक मध्य प्रदेश के राजगढ जिले के ब्यावरा में मिले थे। इस तरह अब तक कुल 19 ट्रक बरामद किए जा चुके हैं, ये सभी ट्रक लावारिस और खाली मिले हैं। पुलिस अब तक इस बात का पता नहीं लगा पाई है कि बारूद कहां गया।
सागर पुलिस ने विस्फोटक लापता होने के मामले में कुल छह लोगों को आरोपी बनाया है जिनमें से एक भी पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ पाया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications