इंग्लैंड को विश्व कप की मेजबानी दिलाएगा पॉल!
लंदन, 21 अगस्त (आईएएनएस)। दक्षिण अफ्रीका में हुए फीफा विश्व कप-2010 में अपनी सटीक भविष्यवाणियों से चर्चित हुए पॉल ऑक्टोपस को वर्ष 2018 के विश्व कप की मेजबानी के दावे को मजबूत करने के लिए इंग्लैंड ने अपना आधिकारिक एंबेसडर बनाया है।
पॉल फिलहाल जर्मनी में है लेकिन वर्ष 2008 में वह इंग्लैंड के डोरसेट के 'वेमाउथ सी लाइफ सेंटर' में था। इस केंद्र की प्रबंधक निकोला हैमिल्टन ने कहा, "पॉल ने भले ही बीते दो साल जर्मनी में गुजारे हों लेकिन वास्तव में वह एक सच्चा अंग्रेज है।"
इंग्लैंड ने विश्व कप-2018 की मेजबानी की बोली लगाई है। उसके अलावा रूस, अमेरिका, आस्ट्रेलिया और स्पेन व पुर्तगाल एवं हॉलैंड व बेल्जियम संयुक्त रूप से इस दौड़ में शामिल हैं। फीफा दो दिसम्बर को 2018 और 2022 के मेजबानों का ऐलान करेगा।
पॉल ने इस साल विश्व कप में सटीक भविष्यवाणी की थी। फाइनल मुकाबले से पहले ही उसने इस बात की भविष्यवाणी कर दी थी कि इस बार का विजेता स्पेन है। बाद में यही सच साबित हुआ। इनेएस्ता के शानदार गोल की बदौलत स्पेन ने हॉलैंड को 1-0 से मात दी और उसने पहली बार फुटबाल विश्व कप में खिताब अपने नाम किया। इस टूर्नामेंट में इस ऑक्टोपस की ओर से कुल आठ बार भविष्यवाणियां की गईं और सभी सटीक रहीं।
उल्लेखनीय है कि यह ऑक्टोपस वर्ष 2008 के यूरो कप के दौरान चर्चा में आया था। उस दौरान इसने छह भविष्यवाणियां की थीं जिनमें से पांच सही साबित हुई थीं। फाइनल मुकाबले में इसने जर्मनी को विजेता बताया था जबकि स्पेन को जीत मिली। अब तक इसकी सिर्फ यही भविष्यवाणी गलत रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications