ओरिएंट ग्रीन पावर उत्पादन क्षमता 1000 मेगावॉट तक बढ़ाएगी
चेन्नई, 21 अगस्त (आईएएनएस)। शहर की अक्षय ऊर्जा उत्पादक कंपनी ओरिएंट ग्रीन पावर कंपनी लिमिटेड वर्ष 2013 तक अपनी विद्युत उत्पादन क्षमता 193 मेगावॉट से बढ़ाकर 1,000 मेगावॉट करेगी। कंपनी देश विदेश में अपनी क्षमता विस्तार की इस योजना पर 40 अरब रुपये खर्च करेगी।
कंपनी के उपाध्यक्ष टी. शिवरमण ने पत्रकारों से कहा, "हम अभी 193 मेगावॉट (152.6 मेगावॉट पवन ऊर्जा, 40.5 मेगावॉट बायोमास) की नवीनीकृत उर्जा परियोजनाएं संचालित कर रहे हैं। हम अपनी उत्पादन क्षमता को 2013 तक 1,000 मेगावॉट तक बढ़ाएंगे इसमें पवन, बायोमास और छोटी जलविद्युत परियोजनाएं शामिल होंगी।"
उन्होंने कहा, "इस क्षमता विस्तार पर कुल 40 अरब रुपये खर्च किए जाएंगे जो कि इक्विटी और कर्ज से जुटाए जाएंगे।"
शिवरमण के मुताबिक कंपनी ने 900 करोड़ रुपये जुटाने की योजना का खाका सेबी को सौंप दिया है।
ओरिएंट ग्रीन कंपनी सिंगापुर स्थित ओरिएंट ग्रीन पावर प्राइवेट लिमिटेड की सहयोगी कंपनी है।
कंपनी के कार्यकारी निदेशक पी. कृष्णकुमार ने कहा कि वर्ष 2011-12 के अंत तक कंपनी की उत्पादन क्षमता में 457 मेगावॉट (384 मेगावॉट पवन ऊर्जा और 73.5 मेगावॉट बायोमास ऊर्जा) की वृद्धि हो जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications