पाकिस्तान बाढ़ : सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाए गए हजारों लोग
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार देश के अधिकतर हिस्सों में मानसून के दौरान होने वाली भारी बारिश में अब कमी आनी शुरू हो गई है, लेकिन दक्षिणी प्रांत सिंध में सिंधु नदी फिलहाल उफान पर है।
पाकिस्तान में आई भयंकर बाढ़ के चलते 60 लाख से अधिक लोग बेघर हो गए हैं और पिछले तीन हफ्तों में बाढ़ की कहर से 1.5 करोड़ लोग सीधे या अप्रत्यक्ष तरीके से इससे प्रभावित हुए हैं।
देश के दक्षिणी हिस्से में बाढ़ प्रभावित इलाके से 100,000 लोग कार, वैन, ट्रक और यहां तक कि पैदल ही सुरक्षित स्थानों की ओर रवाना हो गए हैं।
शहादतकोट जिले के प्रशासनिक अधिकारी यासिन शेर ने बताया कि बाढ़ का पानी शहर के अंतिम तटबंध को छू गया है।
शेर ने कहा, "सेना और पुलिस के जवानों के अलावा कुछ नौजवान भी तटबंध को बचाने की कोशिश कर रहे हैं।"
शेहवान जिले के बाढ़ प्रभावित 20 गांवों से हजार से अधिक लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
गौरतलब है कि जुलाई के अंतिम हफ्ते से शुरू हुई भारी बारिश की वजह से आई बाढ़ से देश का करीब पांचवां हिस्सा पानी से भर गया है। इसके कारण करोड़ों घर ध्वस्त हो गए हैं और फसले बरबाद हुई हैं। इसके अलावा 1600 लोगों की मौत भी हो चुकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications