Get Updates
Get notified of breaking news, exclusive insights, and must-see stories!

घाटी में फिर कर्फ्यू, बंद और टकराव का मंजर (लीड-1)

श्रीनगर, 21 अगस्त (आईएएनएस)। कश्मीर घाटी में कर्फ्यू, बंद और टकराव का दौर शनिवार को फिर शुरू हो गया। श्रीनगर में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुए संघर्ष में एक दर्जन लोग घायल हो गए और कम से कम 40 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

बिजबेहरा कस्बे में शुक्रवार को सुरक्षा बलों की गोली से एक व्यक्ति की मौत को लेकर अलगाववादी संगठनों ने शनिवार को पूरी कश्मीर घाटी में बंद का आह्वान किया था।

अनंतनाग और बिजबेहरा कस्बों के साथ श्रीनगर के नौ थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लगाया गया है वहीं सोपोर, बारामूला, हंदवाडा और कुपवाडा कस्बों में निषेधाज्ञा लगाए गए हैं।

श्रीनगर के बाहरी हिस्से में स्थित बेमिना में उस समय व्यापक विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया, जब पुलिस ने अपराह्न् में कुछ स्थानीय युवकों को पथराव करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।

स्थानीय नागरिक पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़कों पर उतर आए। नागरिकों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने घरों में घुस कर बेगुनाह युवकों को गिरफ्तार किया और घरों में तोड़फोड़ की।

खबरों में कहा गया है कि पुलिस ने लगभग 40 उन युवकों को गिरफ्तार किया है। उनसे अब पूछताछ की जा रही है कि उनमें से कौन-कौन वाकई में हाल के दिनों में पथराव की घटना में शामिल थे।

बेमिना में प्रदर्शनकारियों और पुलिस कर्मियों सहित दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। पुलिस ने यहां प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले दागे थे।

पुलिस अधिकारी ने कहा, "सूचनाएं मिली हैं कि उपद्रवी और असामाजिक तत्व शांति भंग करने और युवाओं को भड़काने का प्रयास कर रहे हैं। लिहाजा नागरिकों की जान-माल के हिफाजत के लिए एहतियाती कदम उठाए गए हैं।"

श्रीनगर के चानापोरा इलाके में और उत्तर कश्मीर के सोपोर व बारामूला कस्बों में विरोध प्रदर्शन व टकराव की खबर है। दक्षिण कश्मीर के पुलवामा, अनंतनाग और सोपियां कस्बों में भी प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच संघर्ष हुआ है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, "आज जिन-जिन स्थानों पर संघर्ष हुआ, वहां सुरक्षा बलों ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले दागे। लेकिन कहीं भी किसी को गंभीर चोट नहीं आई है।"

प्रशासन ने बिजबेहरा, अनंतनाग, पुलवामा और सोपियां में लोगों के आवागमन पर प्रतिबंध लगा दिया है।

घाटी में 11 जून के बाद से चल रही हिंसा में अब तक 62 लोगों की मौत हो चुकी है।

शुक्रवार को कश्मीर के बिजबेहरा कस्बे में पुलिस थाने को घेरकर उसे पेट्रोल बम से जलाने की कोशिश कर रही एक भीड़ पर गोलीबारी में एक 28 वर्षीय युवक नजीर अहमद की मौत हुई थी।

इसके अलावा एक अन्य युवक 18 वर्षीय मुदस्सर नजीर की मौत सोपोर में अपनी ड्यूटी खत्म करके लौट रही केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की टीम पर हमला करने वाली भीड़ पर गोलीबारी के दौरान हुई थी।

सोपोर के निवासियों का कहना है कि सीआरपीएफ के जवानों ने बिना किसी भड़कावे के गोली चलाई।

अलगाववादी हुर्रियत दल के नेता सैय्यद अली गिलानी ने शनिवार को घाटी में बंद की घोषणा की।

शहर के कई इलाकों में कर्फ्यू लगाए जाने के कारण बाजार, शिक्षण संस्थान, बैंक आदि बंद कर दिए गए।

समाचार पत्र मालिकों का कहना है कि जम्मू एवं कश्मीर के उत्तरी और दक्षिणी हिस्सों में समाचार पत्रों का वितरण बंद करा दिया गया है।

एक समचार पत्र के संपादक ने कहा, "पुलिस ने इन इलाकों में समाचार पत्रों की प्रतियां जब्त कर ली हैं।"

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+