पाकिस्तान बाढ़ : 32 करोड़ डॉलर की आपात मदद जुटाई गई
संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून ने इस बाढ़ को 'स्लो मोशन सुनामी' बताते हुए मदद उपलब्ध कराने वाले देशों को धन्यवाद दिया।
पाकिस्तान का 20 प्रतिशत क्षेत्रफल पानी में डूब गया है जिससे देश के दो करोड़ लोग विस्थापित हो गए हैं और कुल 5.44 करोड़ लोग प्रभावित हुए हैं।
पाकिस्तान ने भारत की ओर से दिए गए 50 लाख डॉलर की मदद के प्रस्ताव को मंजूर कर लिया था। अमेरिका ने भी बाढ़ राहत की राशि छह करोड़ रुपये बढ़ाकर 15 करोड़ रुपये कर दी है।
चीन ने पाकिस्तान को 75 लाख डॉलर की मदद का प्रस्ताव दिया है और जापान ने एक करोड़ 44 लाख डॉलर की मदद उपलब्ध कराई है।
वहीं एशियाई विकास बैंक द्वारा प्रस्तावित किए गए तीन अरब डॉलर के कर्ज की पाकिस्तान के विपक्षी दलों ने आलोचना की है। विपक्षी दलों का कहना है कि पाकिस्तान पर विदेशी कर्ज पहले ही 55.6 अरब डॉलर का हो चुका है। सरकार के यह कर्ज लेने से पाकिस्तान विदेशी कर्ज में डूब जाएगा।
समाचार पत्र डॉन के मुताबिक पाकिस्तान पर विदेशी कर्ज जीडीपी का 61 प्रतिशत हो गया है जो कि 43 प्रतिशत प्रतिवर्ष की दर से बढ़ रहा है। वर्ष 2015-16 तक कुल विदेशी कर्ज 73 अरब डॉलर होने की अनुमान है।
बाढ़ राहत कार्यों में तेजी लाने के लिए जापान ने अपनी सेना के 200 हेलीकॉप्टर पाकिस्तान भेजे हैं। नौसेना के जहाज और छह हेलीकॉप्टर ले जाने वाले विमान पाकिस्तान के लिए रवाना हुए। जापानी राहत दल के कमांडर ने बताया कि 530 जापानी सैनिक पाकिस्तान में बाढ़ राहत कार्य के लिए रवाना हुए हैं।
इससे पहले पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने चेतावनी दी थी कि आतंकवादी संगठन पाकिस्तान के बाढ़ प्रभावित इलाकों के बच्चों और अनाथों का इस्तेमाल आतंकवादी गतिविधियों के लिए कर सकते हैं।
भीषण बाढ़ के बाद खाद्य सामग्री की किल्लत होने से पाकिस्तान में पिछले छह महीने में जन्मे 85,000 बच्चों के कुपोषित होने की आशंका पैदा हो गई है। बड़े पैमाने पर चेचक और पोलियो जैसी बीमारियां फैलने का खतरा पैदा हो गया है।
संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोष (यूएनएफपीए) द्वारा जारी रिपोर्ट के मुताबिक बाढ़ प्रभावित इलाकों में छोटे बच्चों का पालन पोषण कर रही करीब 15 लाख महिलाओं को तत्काल मानवीय मदद की जरूरत है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications