अफगानिस्तान में 3 नागरिकों सहित 13 की मौत (लीड-1)
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षा सहायता बल (आईएसएएफ) ने शनिवार को कहा कि पश्चिमी प्रांत फराह में शुक्रवार को नाटो के नेतृत्व वाले सुरक्षा बलों और अफगान जवानों की संयुक्त कार्रवाई के दौरान एक महिला सहित दो बच्चों की मौत हो गई। अभियान के दौरान सुरक्षा बलों के जवान अफगानिस्तान में ईरान से हथियार और विदेशी आतंकवादियों को लाने के मामले एक संदिग्ध व्यक्ति का पीछा कर रहे थे।
आईएसएएफ ने बताया कि इन नागरिकों की मौत दुर्घटनावश एक संदिग्ध आतंकी वाहन में विस्फोट होने की वजह से हुई है।
अमेरिकी सेना के कर्नल राफेल टोरेस ने कहा कि इस मामले में छानबीन जारी है।
आईएसएएफ ने दावा किया है कि कार्रवाई के दौरान सुरक्षा बलों ने आठ आतंकवादियों को मार गिराया है और संदिग्ध आतंकियों को हिरासत में लिया है।
आईएसएएफ ने बताया कि इसी बीच, अफगानिस्तान के दक्षिणी हिस्से में शनिवार को आतंकी हमले में आईएसएएफ का एक जवान मारा गया। जबकि एक और जवान शुक्रवार को एक आतंकी हमले में मारा गया था।
गौरतलब है कि इस महीने तालिबान के हमलों में नाटो के 34 जवानों की मौत हुई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications