लॉकरबी कांड के दोषी ने रिहाई के लिए किया बीमारी का बहाना
समाचार पत्र 'डेली मेल' ने शनिवार को दावा किया कि मरघावी ने जेल में कीमोथेरेपी कराने से इंकार कर दिया, जिससे उसकी स्थिति बिगड़ जाए और रिहाई में मदद मिल सके।
अमेरिका के चार प्रभावशाली सीनेटरों ने स्कॉटलैंड की एक जेल से पिछले वर्ष मरघावी की रिहाई की जांच की मांग की है।
एक खुले पत्र में सीनेटर रॉबर्ट मेंनेडेज, फ्रैंक लूटेनबर्ग, चार्ल्स शूमर और क्रिटेन गिलिब्रैंड ने जांच की मांग की।
वे मरघावी की जांच रिपोर्ट और ब्रिटिश पेट्रोलियम (बीपी) कंपनी तथा सरकार के बीच संचार का ब्योरा चाहते हैं। आरोप है लीबिया के साथ एक तेल उत्खनन सौदे को सुरक्षित करने के लिए बीपी ने मरघावी की रिहाई के लिए समर्थन जुटाया।
मरघावी को प्रोस्टेट कैंसर से गंभीर रूप से पीड़ित बताकर पिछले वर्ष 20 अगस्त को दया के आधार पर रिहा करके लीबिया भेज दिया गया था।
रिहाई के बाद इलाज से मरघावी की तबियत काफी ठीक हो गई और दावा किया गया है कि वह अभी सात वर्ष तक और जिंदा रह सकता है। यह इलाज ब्रिटेन की राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा में भी उपलब्ध है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications