छत्तीसगढ़ ने प्रदूषण फैला रहे तीन संयंत्र बंद करवाए
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक शुक्रवार को राज्य के पर्यावरण मंत्री राजेश मुनत ने रायपुर के बाहरी इलाके में औद्योगिक इकाइयों के आकस्मिक निरीक्षण के दौरान पाया कि तीन इकाइयों में वायु प्रदूषण नियंत्रण के उपकरण काम नहीं कर रहे हैं। बंद कराई गई इकाईयां 'इंडियन स्टील एण्ड पावर प्राइवेट लिमिटेड', अग्रवाल स्पंज आयरन प्राइवेट लिमिटेड और देवी आयरन एण्ड पावर प्राइवेट लिमिटेड हैं।
यह तीन इकाइयां उरला, सिलतारा और बोरझारा औद्योगिक इलाकों में स्थित 145 औद्योगिक इकाइयों के बीच स्थित हैं। इन उद्योगों को ज्यादा प्रदूषण संभावना के चलते 'रेड केटेगरी' (संवेदनशील श्रेणी) में रखा गया है।
इस इलाके में पर्यावरण प्रदूषण पर शोध करने वाले विशेषज्ञ के. एस. पटेल कहते हैं, "औद्योगिक क्षेत्रों के वातावरण से लिए गए नमूनों से पता चला है कि रायपुर और सिलतारा इलाके में हवा में प्रदूषण की मात्रा मानक स्तर से 10 गुना ज्यादा है।"
उन्होंने कहा कि प्रदूषण के कारण रायपुर और आसपास के इलाकों के करीब 10 लाख लोग त्वचा रोगों और अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़त हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications