राष्ट्रमंडल खेल : शिरकत करेंगे शीर्ष टेनिस खिलाड़ी
पेस और भूपति के अलावा डेविस कप स्टार रोहन बोपन्ना और देश के सर्वोच्च वरीयता प्राप्त एकल खिलाड़ी सोमदेव देवबर्मन ने अब राष्ट्रमंडल खेलों में भाग लेने का फैसला किया है। इन खिलाड़ियों ने पत्र के जरिए अखिल भारतीय टेनिस संघ (एआईटीए) से कहा था कि उन्हें खेलों से पहले एक निश्चित रकम का भुगतान किया जाए।
एआईटीए के महासचिव अनिल खन्ना ने शनिवार को बताया कि ये खिलाड़ी अब शिरकत करेंगे। उन्होंने कहा, "हमें खिलाड़ियों के ताजा फैसले से खुशी हुई है। मुझे इस बात का सौ फीसदी भरोसा था कि ये खिलाड़ी देश के लिए अपनी सेवाएं देते रहेंगे।"
उन्होंने कहा, "मैं इन खिलाड़ियों की नाराजगी को समझता हूं। राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारियों से जुड़े कार्यक्रम के प्रमुख जयदीप मुखर्जी और मैं सोमवार को संयुक्त खेल सचिव राहुल भटनागर से मुलाकात करेंगे ताकि खिलाड़ियों के इस मुद्दे का हल ढूंढ़ा जा सके।"
एआईटीए ने शुक्रवार को कहा था, " खिलाड़ियों को ओलंपिक, एशियाई खेलों और डेविस कप में हिस्सा लेने के बदले वेतन एवं अन्य मदों से जुड़े भुगतान का अधिकार खेल मंत्रालय और भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के पास है। ऐसे में खिलाड़ियों के बीच उपजे असंतोष के लिए एआईटीए जिम्मेदार नहीं है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications