पश्चिम बंगाल में लड़कियों ने निर्वस्त्र घुमाया, मामला दर्ज कराया

पश्चिम बंगाल में दो और महिलाओं ने पुलिस थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज की है कि उनपर दूसरे समुदाय के पुरुषों के साथ संबंध होने का आरोप लगाकर, उनके गांव में निर्वस्त्र घुमाया गया है. राज्य के बीरभूम ज़िले के जेतिया गांव की संथाल जनजाति की इन महिलाओं ने कहा है कि उनके साथ ये घटना मई महीने में हुई थी.
बीरभूम के ही मसरा गांव में अप्रैल में भी एक ऐसी ही घटना हुई थी जिसमें एक युवती को दस किलोमीटर तक निर्वस्त्र घुमाया गया था. इस मामले की पुलिस जांच कर रही है और पश्चिम बंगाल महिला आयोग ने भी उस युवती को बयान देने के लिए बुलाया है. जो नया मामला सामने आया है उसमें दो लड़कियों ने 27 जून को बीरभूम ज़िले के मोहम्मद बाज़ार थाने में एक लिखित शिकायत दर्ज की थी लेकिन पुलिस ने अब तक इस मामले में कोई गिरफ़्तारी नहीं की है.
अपुष्ट ख़बरों के मुताबिक जिन दो लड़कियों ने जून में लिखित शिकायत की थी उनमें से एक ने आत्महत्या कर ली है. हांलाकि औपचारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है क्योंकि बीरभूम ज़िले के एसपी हुमायूं कबीर ने कहा है कि इस बारे में उनके पास कोई जानकारी नहीं है. लेकिन एसपी हुमायूं कबीर ने इतना ज़रुर स्वीकार किया कि दो लड़कियों ने मोहम्मद बाज़ार थाने में शिकायत दर्ज की थी.












Click it and Unblock the Notifications