सेब सीजन के दौरान ट्रक उपलब्ध करवाएंगी कंपनियां
शिमला, 19 अगस्त (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश के उद्योग मंत्री किशन कपूर और बागवानी मंत्री नरेंद्र बरागटा ने गुरुवार को अंबुजा, एसीसी और जेपी कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। कंपनियों ने सेब सीजन के दौरान ट्रक उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया, ताकि सेब उत्पादकों को पेश आ रही ट्रकों की कमी को पूरा किया जा सके।
बरागटा ने कहा कि ये तीनों कंपनियां सेब सीजन के दौरान पर्याप्त संख्या में ट्रक उपलब्ध करवाने पर सहमत हो गई हैं। उन्होंने कहा कि ये कंपनियां शुक्रवार से ट्रक उपलब्ध करवाएंगी और आगामी एक माह तक यह सुविधा जारी रखेंगी। इससे सेब उत्पादकों को अपना उत्पाद मंडियों तक सुगमतापूर्वक पहुंचाने में सहायता मिलेगी।
बागवानी मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के सेब उत्पादकों के लिए हर संभव प्रबंध करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications