दिल्ली में बारिश, जनजीवन अस्त-व्यस्त (लीड-1)
नई दिल्ली, 20 अगस्त (आईएएनएस)। दिल्ली में लगातार दूसरे दिन शुक्रवार को भी बारिश जारी रहने से लोगों को अपने कार्यालय पहुंचने में काफी कठिनाइयों का समाना करना पड़ा। मौसम विभाग के मुताबिक दिन में और अधिक बारिश हो सकती है।
दिल्ली यातायात पुलिस के मुताबिक आईटीओ रिंग रोड, द्वारका, डीएनडी नोएडा फ्लाइओवर पर यातायात जाम होने से लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके अलावा साकेत, राजघाट, पूसा रोड, रोहतक रोड और आश्रम चौक पर भी लंबा जाम लग गया।
बारिश की वजह से आश्रम, मथुरा रोड, जंगपुरा आदि इलाकों में पानी भर गया। इन स्थानों पर लंबा जाम देखा गया। जाम से परेशान लोग जैसे-तैसे गंतव्य तक पहुंचने की जद्दोजहद करते देखे गए।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी के अनुसार, "बादल छाये रहेंगे और दिल्ली के कुछ इलाकों और अधिक बारिश होने तथा तेज हवाएं चलने की संभावना है।"
मौसम विभाग के मुताबिक शहर में गुरुवार सुबह से लेकर शुक्रवार 8.30 बजे तक 110 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई।
दिल्ली का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने का अनुमान है जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम आद्र्रता 98 प्रतिशत जबकि न्यूनतम आद्र्रता 92 फीसदी दर्ज की गई थाी।
लगातार बारिश होने से शहर के विभिन्न इलाकों में यातायात जाम की समस्या पैदा हो गई है। शहर में गुरुवार को 110 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई जबकि इस सत्र में अभी तक कुल 575 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है।
दिल्ली नगर निगम के पास जलभराव की 106 और दीवार ढहने की 11 शिकायतें दर्ज की गईं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications