यूनियन कार्बाइड संयंत्र की सफाई का खर्च केंद्र सरकार उठाएगी
नई दिल्ली, 20 अगस्त (आईएएनएस)। मंत्री समूह की सिफारिश के आधार पर केंद्र सरकार ने भोपाल में यूनियन कार्बाइड संयंत्र में पड़े जहरीले कचरे की सफाई का खर्च उठाने का फैसला किया है।
केंद्रीय रसायन एवं पेट्रोरसायन राज्य मंत्री श्रीकांत जेना ने राज्यसभा में कहा, "भोपाल गैस त्रासदी पर गठित मंत्री समूह की सिफारिश के आधार पर केंद्र सरकार ने यूनियन कार्बाइड संयंत्र स्थल सफाई का खर्च उठाने का फैसला किया है।"
जेना ने कहा, "सफाई पर 310 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। इस राशि को मंजूरी मिल गई है। मध्य प्रदेश सरकार द्वारा उपचार एवं कचरा निपटान कार्य के लिए खास परियोजनाओं का प्रस्ताव दिए जाने के बाद यह राशि जारी कर दी जाएगी।"
जेना, यूनियन कार्बाइड संयंत्र स्थल में पड़े खतरनाक जहरीले कचरे की सफाई पर पूछे गए एक प्रश्न का जवाब दे रहे थे।
ज्ञात हो कि 25 वर्ष पहले इस संयंत्र में हुई गैस लीक से हजारों लोग मारे गए थे।
जेना ने कहा कि राज्य सरकार को पर्यावरण मंत्री जयराम रमेश के नेतृत्व में काम कर रही निगरानी समिति से सलाह-मशविरा कर संयंत्र स्थल की सफाई का प्रस्ताव भेजना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications