बम की अफवाह, ओमान में उतरा एयर इंडिया का विमान
अबूधाबी, 20 अगस्त (आईएएनएस)। कुवैत से मुंबई जा रहे एयर इंडिया के एक विमान को शुक्रवार को ओमान की राजधानी मस्कट में आपात स्थिति में उतरना पड़ा। एक यात्री ने विमान में बम होने का दावा किया था।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने ओमान की सरकारी, ओएनए समाचार एजेंसी के हवाले से खबर दी है कि बोइंग 737 में 160 यात्री सवार थे। विमान जब ओमान के आकाश में उड़ रहा था, तभी एक यात्री ने चालक दल के सदस्यों को बताया कि विमान में बम रखा हुआ है। परिणामस्वरूप पायलट को मस्कट में आपात स्थिति में विमान उतारना पड़ा।
मस्कट में उतरने के बाद सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को विमान से सुरक्षित उतार लिया गया और विमान की पूरी तरह तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान पुलिस और सुरक्षा कर्मियों को विमान में कोई बम नहीं मिला। उसके बाद विमान को उड़ान भरने के लिए हरी झंडी दे दी गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications